
नईदुनिया प्रतिनिधि कटनी। कोतवाली थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर युवक का अपहरण कर बंधक बनाकर बेल्ट और सिगरेट से थर्ड डिग्री टॉर्चर देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी फरार हैं।
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पांडेय के बताया कि पंकज मेहरा पिता मुकेश मेहरा उम्र 24 वर्ष निवासी गायत्री नगर कोतवाली, हाल निवासी रांझी जबलपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ठेकेदारी का काम करता है।
12 सितंबर को सुबह 9.30 बजे वह कटनी रेलवे स्टेशन के बाहर आटो का इंतजार कर रहा था। तभी उसका पुराना परिचित अजय उर्फ अन्नू माली स्कूटी से आया और घर चलने को कहा। वह उसके साथ मघई मंदिर के पास स्थित घर पहुंचा।
कमरे में बंद कर फिर मारपीट की और एक आरोपित ने सिगरेट से उसके हाथ और पीठ को दाग दिया। शाम 6 बजे वह आरोपियों के चंगुल से छूटकर जबलपुर भाग गया और मंगलवार की देर शाम भाई और मां के साथ कोतवाली आकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज किया और मुखबिर और तकनीकी मदद से पुलिस ने मुख्य आरोपी अजय उर्फ अन्नू माली पिता शंकर लाल माली उम्र 42 वर्ष निवासी मघई मंदिर के पीछे सुभाष वार्ड को मुड़वारा स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में अन्नू ने बताया कि पंकज दो साल पहले उसके यहां काम करता था और उसके कुछ फोटो-दस्तावेज ले गया था, वापस नहीं कर रहा था। इसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया।
आरोपित की निशानदेही पर दूसरे आरोपित साहिल खान पिता बबली खान उम्र 23 वर्ष निवासी इंदिरा नगर गली नंबर एक थाना कुठला को भी गिरफ्तार किया गया है। मामले में अमन और उसका एक अन्य साथी अभी फरार है, जिनकी तलाश में पुलिस कर रही है।
यह भी पढ़ें- MP High Court ने कहा- इलेक्ट्राॅनिक मीडिया के सामने मृतक का बयान निर्णायक मृत्यु पूर्व बयान नहीं