
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। बरही थाना क्षेत्र के कुटेश्वर निवासी एक महिला को घर में प्रसव हो गया था। स्वजन प्रसूता व नवजात को लेकर बरही अस्पताल पहुंचे थे, जहां जांच के बाद नवजात को मृत घोषित कर दिया गया।
स्वजन उसे लेकर घर पहुंचे, इस बीच लोगों को बच्चे की सांस चलती दिखाई दी, जिसके बाद दोबारा उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत करार दिया।
जानकारी के अनुसार कुटेश्वर निवासी सुलोचना पति प्रदीप केवट को प्रसव पीड़ा हुई। स्वजन उसको अस्पताल लेकर जाते, इससे पहले ही उसने एक बच्चे को जन्म दिया।
दोनों को स्वजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने जांच की तो बच्चे की मौत हो चुकी थी। गमगीन स्वजन नवजात को लेकर घर पहुंचे, इस बीच लोगों को उसकी सांस चलती दिखाई दी।
घर में छाया मातम खुशी में बदला और उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे जांच के बाद मृत करार दे दिया।
यह भी पढ़ें- उधना से मुजफ्फरपुर जा रही महिला को इटारसी में प्रसव पीड़ा शुरू, जबलपुर प्लेटफार्म पर गूंजी किलकारी