
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। खाद्य, नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कटनी जिले से फोर्टिफाइड चावल के गायब होने की जानकारी सामने आने के बाद प्रकरण की निष्पक्ष जांच करने के लिए भोपाल से वरिष्ठ अधिकारियों का दल गठित कर जांच कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अपर मुख्य सचिव खाद्य केसी गुप्ता को सात दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा है।
खाद्य मंत्री राजपूत ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच निष्पक्षता और गंभीरता से की जाए, ताकि पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। जांच में यदि किसी अधिकारी, कर्मचारी या परिवहनकर्ता की लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करें।
यह भी पढ़ें- कटनी से भेजा चार करोड़ का फोर्टिफाइड चावल एक साल से गायब, 32 गाड़ियां जिलों में आज तक नहीं पहुंचीं
फोर्टिफाइड चावल से भरे ट्रकों के गायब होने का मामला खाद्यान्न परिवहन व्यवस्था, निगरानी तंत्र और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। ऐसे में जांच के माध्यम से यह पता लगाया जाएगा कि परिवहन प्रक्रिया में कहां चूक हुई और जिम्मेदार लोगों की भूमिका क्या थी।
उन्होंने कहा है कि सार्वजनिक वितरण व खाद्यान्न प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं में पारदर्शिता बनाए रखना और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग को रोकना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है।