
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। मार्बल के बाद इमलिया में स्वर्ण संपदा मिलने के बाद चांदी, तांबा, सीसा, जस्ता सहित अन्य खनिज जिले की धरती उगल रही है। नए साल में महंगे खनिज का हब कटनी बनेगा और देशभर में उसकाे नई पहचान मिलेगी।
जिले की धरती में छिपी खनिज संपदा अब औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसरों का आधार बनने जा रही है। राज्य शासन के खनिज साधन विभाग ने जिले में खनिज को प्रोत्साहित करने की दिशा में पहल की है।
बहोरीबंद तहसील के ग्राम सैलारपुर व नवेलिया में 265 हेक्टेयर क्षेत्र के बेसमेटल ब्लाक के लिए मेसर्स ए. माइनिंग कार्पोरेशन को तीन वर्ष की अवधि के लिए अनुबंध किया है।
अनुबंध का कलेक्टर आशीष तिवारी की मौजूदगी में हुआ। इस अनुबंध के साथ ही क्षेत्र में तांबा, सीसा और जस्ता जैसे महत्वपूर्ण खनिजों की संभावनाओं को तलाशने का रास्ता खुला है।
अनुबंधित संस्था स्वीकृत क्षेत्र में खनिज पूर्व सर्वेक्षण, विस्तृत भूवैज्ञानिक अन्वेषण का कार्य करेगी और खनिज भंडार की उपलब्धता और व्यावसायिक संभावनाएं प्रमाणित होने पर भविष्य में खनन व औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार का मार्ग खुलेगा।
जिला बहुमूल्य धातुओं और बेसमेटल खनिजों के क्षेत्र में भी अपनी नई पहचान बना रहा है। जिले के इमलिया क्षेत्र में 6.51 हेक्टेयर क्षेत्र में स्वर्ण खनन के लिए स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। यहां खदान स्थापना से संबंधित प्रारंभिक तैयारी अंतिम चरण में हैं और शीघ्र ही खदान का विधिवत संचालन शुरू होने की संभावना है।
अनुमान है कि खनन करने वाली मुंबई की कंपनी जनवरी माह से काम शुरू कर सकती है। खनन को लेकर भोपाल स्तर से प्रदूषण विभाग की एक स्वीकृति मिलना बाकी है। दूसरी ओर कंपनी अंडरग्राउंड खनन करेगी।
मशीनों को नीचे उतारा जाना है, इसकी तैयारी की जा रही है। इसी क्षेत्र में सलैया फाटक के पास भी 150 हेक्टेयर का एक अन्य बेसमेटल ब्लाक भी खनिज नीलामी के लिए प्रस्तावित है, जिसकी वर्तमान में इ-नीलामी प्रक्रिया चल रही है।
भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) की रिपोर्ट में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बेसमेटल खनिजों की उपलब्धता के सकारात्मक संकेत मिले हैं। इन संभावनाओं को देखते हुए जिला खनिज कार्यालय व क्षेत्रीय कार्यालय भौमिकी व खनिकर्म लगातार भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण करा रहा है।
विभाग का लक्ष्य संभावित खनिज क्षेत्रों का चिन्हांकन कर उन्हें नीलामी के लिए तैयार करना है। इन प्रयासों से कटनी में खनिज आधारित उद्योगों, निवेश, राजस्व वृद्धि और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर मिलने की संभावनाएं हैं।
यह भी पढ़ें- कार में छिपे युवक को तोड़फोड़ के बाद बाहर घसीटा, बेसबाॅल स्टिक से सिर पर किया हमला; जबलपुर की घटना