
नईदुनिया प्रतिनिधि कटनी। नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता एक बार फिर विवादों में गिर गया है। अतिक्रमण प्रभारी मानवेंद्र सिंह के घंटाघर में कार्रवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक जैन से की गई अभद्रता पर अधिवक्ता आक्रोशित हो गए हैं और नगर निगम का घेराव करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
लगभग एक घंटे से नगर निगम गेट पर अधिवक्ता नारेबाजी कर रहे हैं और अतिक्रमण प्रभारी को तत्काल निलंबित कर हटाने सहित मामले की जांच करने की मांग पर अड़े हुए हैं।
घंटाघर में अतिक्रमण प्रभारी मानवेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ कबाड़ की दुकानों पर कार्रवाई करने गए थे, इसी बीच अधिवक्ता अशोक जैन से उनका विवाद हो गया और अतिक्रमण प्रभारी ने उनके साथ अभद्रता की। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
घटना के बाद अधिवक्ताओं ने विरोध जताया था लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। अब गुरुवार को कचहरी चौक में एकत्र हुए अधिवक्ता नारेबाजी करते हुए नगर निगम कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों से चर्चा न करते हुए अतिक्रमण प्रभारी प्रभारी पर कार्रवाई और मामले की जांच को लेकर अड़ गए।
मौके पर नगर निगम के दो उपायुक्त समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अधिवक्ता आयुक्त को बुलाने और मानवेंद्र सिंह पर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े हुए हैं। वहीं सुरक्षा को लेकर आजाक डीएसपी अनिमेष द्विवेदी, डीएसपी महिला सेल सहित कोतवाली का बल मौजूद है।