
नईदुनिया प्रतिनिधि कटनी। रीठी वन परिक्षेत्र के देवरी बीट अंतर्गत तालाब के पास जंगल में तार के फंदे में फंसकर तेंदुए की मौत के मामले में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
जानकारी के अनुसार देवरी बीट के तालाब के जंगल से लगे एक किसान के खेत के पास करीब 3 से 4 वर्ष उम्र के नर तेंदुए का शव मिला था। तेंदुए के मृत मिलने की सूचना पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जंगली सूअर और हिरण के शिकार के लिए खेत के आसपास तार का फंदा लगाया गया था। इसी फंदे की चपेट में तेंदुआ आ गया और उसकी मौत हो गई। वन परिक्षेत्र अधिकारी महेश पटेल ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की।
टीम ने घटनास्थल से मिले सुरागों और पूछताछ के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। लगातार जांच और पूछताछ के बाद टीम ने देवरीकलां निवासी गंगाराम रजक और पंसारी आदिवासी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया। वन विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि वन्यजीवों के शिकार के लिए लगाए गए फंदे के पीछे और कितने लोग शामिल थे।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के मेडिकल कॉलेज में हॉस्टल के जूनियर डॉक्टर को बंदरों ने खदेड़ा, पैर फिसला और छत से गिरा