
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। पिछले दो दिन से जिले में मौसम में एक बार फिर से बदलाव देखने को मिल रहा है। दो दिन हल्की बूंदाबांदी के बीच बादलों ने कुछ देर के लिए डेरा डाला। सुबह शहर से गांव तक कोहरे की हल्की चादर बिछी रही।
दोपहर को एकदम से तेज धूप के कारण गर्मी बेहाल कर रही है तो शाम होते ही मौसम एकदम से ठंडा हो रहा है। उत्तर-पश्चिम में वर्षा के चलते उसकी नमी का असर जिले में देखने को मिल रहा है। वहीं बारिश की विदाई हो चुकी है और उसके बाद अब मौसम में बदलाव को लोग ठंड के आगमन की सूचना मान रहे हैं।
शनिवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री था, जबकि मौसम में बदलाव व कोहरे के कारण रविवार को पारा 33 डिग्री दर्ज किया गया। ऐसी ही स्थिति रात में तापमान में भी रही। शनिवार को शाम से हल्की ठंडी हवाएं चल रही थीं और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रिकार्ड हुआ था, लेकिन रविवार को तापमान 21 डिग्री पहुंच गया।
कोहरा छाने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, बादलों व कोहरे आदि का मौसम अभी दो से तीन दिन तक बना रह सकता है, लेकिन ठंड का असर सिर्फ रात को ही देखने को मिलेगा। मौसम में बदलाव का असर वर्तमान में खरीफ की फसलों पर नहीं होगा। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अधिकांश धान की फसल में बालियां निकल आई हैं और इसका असर फसलों पर नहीं होगा।
भिंड में सता रही गर्मी, पारा 34 डिग्री पार
दूसरी ओर, भिंड में दिन में तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी का अहसास हो रहा है, वहीं शाम होते ही मौसम में ठंडक घुलने लगती है। दिन और रात के तापमान में अंतर के चलते मौसम का मिजाज बदल रहा है। सुबह से दोपहर तक गर्मी का असर बना रहता है, जबकि शाम ढलने के बाद हल्की ठंडक महसूस होने लगती है।
यह भी पढ़ें- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का रायपुर दौरा रद, रेलवे सुरक्षा बल समारोह में होना था शामिल, तैयारियों में जुटा था प्रशासन
मौसम में हो रहे इस बदलाव का असर लोगों की दिनचर्या के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य और फसलों पर भी दिखाई देने लगा है। रविवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा। सुबह करीब नौ बजे सूर्य निकलने के साथ ही धूप तेज होने लगी। दोपहर के समय तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा।
पारा 34 डिग्री के पार
दिन के समय घरों से बाहर निकलने वाले लोगों को धूप की तपिश महसूस हुई। हालांकि, शाम होते ही मौसम का मिजाज बदलने लगा। शाम सात बजे के बाद वातावरण में ठंडक महसूस होने लगी, जिससे लोगों को दिन की गर्मी से राहत मिली।
मौसम के तापमान पर नजर डालें तो रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन और रात के तापमान में करीब 10 डिग्री का अंतर दर्ज होने से मौसम में बदलाव साफ महसूस किया जा रहा है।