
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। रेलवे सुरक्षा बल सोमवार को अपना 42वां स्थापना दिवस मनाने जा रहा है। इस अवसर पर राजधानी रायपुर में समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें रेलवे सुरक्षा, यात्रियों की संरक्षा और संपत्तियों की सुरक्षा के प्रति बल की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया जाएगा।
समारोह में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाले थे, उनका रायपुर दौरा अपरिहार्य कारणों से रद हो गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार उन्हें सोमवार 12 अक्टूबर को राजधानी में आयोजित होने वाले रेलवे सुरक्षा बल के 42वें स्थापना दिवस (राइजिंग डे) समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था।
तैयारियों में जुटा था रेलवे प्रशासन
रेलवे प्रशासन उनके इस दौरे को लेकर पिछले एक महीने से तैयारियों में जुटा हुआ था। गौरतलब है कि इससे पहले उनका यह दौरा नौ अक्टूबर को प्रस्तावित था, जिसे बाद में स्थगित करके 12 अक्टूबर किया गया था, लेकिन अब यह कार्यक्रम रद हो गया है।
उनके इस दौरे के दौरान रेलवे की कई अन्य प्रमुख परियोजनाओं के भी शुभारंभ की उम्मीद थी। कार्यक्रम में आरपीएफ की महानिदेशक सोनाली मिश्रा, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, आरपीएफ के महानिरीक्षक मुनव्वर खुर्शीद सहित प्रदेश के प्रशासन और पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
सेरेमोनियल परेड होगी मुख्य आकर्षण
समारोह का मुख्य आकर्षण सेरेमोनियल परेड होगी, जो आरपीएफ की अनुशासन, व्यावसायिकता और साजो-सामान की तैयारी को प्रदर्शित करेगी। इस परेड में महिला टुकड़ी, कोरस कमांडो टुकड़ी, डाग स्क्वाड और सेगवे टुकड़ी विशेष रूप से शामिल होगी। यह प्रदर्शन आधुनिक और तकनीकी रूप से उन्नत होती रेलवे सुरक्षा व्यवस्था की बानगी पेश करेगा।
उत्कृष्ट सेवा के लिए पदकों से सम्मान
समारोह के दौरान केंद्रीय रेल मंत्री द्वारा असाधारण सेवा, व्यावसायिक उत्कृष्टता और राष्ट्र के प्रति योगदान देने वाले आरपीएफ अधिकारियों व जवानों को प्रतिष्ठित पदकों से सम्मानित किया जाएगा। इसमें विशिष्ट सेवा के लिए तीन राष्ट्रपति पुलिस पदक, 30 सराहनीय सेवा पुलिस पदक और वर्ष 2024 में एक रेल यात्री की जान बचाने के लिए 'जीवन रक्षा पदक' शामिल हैं।
तकनीकी प्रदर्शनी: आधुनिक सुरक्षा पहलों की झलक
कार्यक्रम के दौरान एक विशेष तकनीकी प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें भारतीय रेलवे के सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने वाले आधुनिक डिजिटल उपकरणों और नवाचारों का प्रदर्शन किया जाएगा।
इसमें ड्रोन पेट्रोलिंग, ह्यूमेनोइड रोबोट, अर्जुन, और राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के डिजिटल टूल्स जैसे सीसीटीएनएस और नाफिस (नेशनल आटोमेटेड फिंगरप्रिंट आइडेंटिफिकेशन सिस्टम) की मुख्य भूमिका होगी।