
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान लापरवाही बरतने और उसमें युवक की मौत होने का आरोप लगा है। स्वजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। वहीं पुलिस की समझाइश के बाद चिकित्सकों की टीम व तहसीलदार की मौजूदगी में पीएम कराया गया है। साथ ही पुलिस मामले की जांच कर रही है और पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार मघई मंदिर के पीछे रहने वाले बीएन मिश्रा के पुत्र अंशुल मिश्रा 35 साल को पाइल्स की बीमारी थी। जिसको लेकर उसने नगर के गुरुकृपा अस्पताल के चिकित्सक डॉ. पीके सहाय से संपर्क किया था। अंशुल के पिता ने बताया कि चिकित्सक ने उनको बेटे का ऑपरेशन जल्द कराने की सलाह दी थी और उनके बताए अनुसार ही बेटे की विभिन्न जांच कराई गई। जिसके लिए जबलपुर से भी रिपोर्ट मिली और उसमें सभी चीजें नार्मल थीं।
स्वजनों का कहना है कि मंगलवार की शाम को अस्पताल में डॉ. सहाय व उनकी टीम ने अंशुल का ऑपरेशन शुरू किया और इस बीच ऑपरेशन थियेटर की टेबिल में ही उसकी मौत हो गई। उनका आरोप था कि अस्पताल प्रबंधन ने उनको जानकारी देने के स्थान पर पुलिस को पहले सूचना दी और शव को पीएम के लिए भिजवा दिया।
स्वजनों का आरोप था कि ऑपरेशन के दौरान किसी गलत इंजेक्शन के लगने से अंशुल की मौत हुई, जबकि अस्पताल प्रबंधन का कहना था कि हृदयगति रूक जाने के कारण युवक की मौत हुई।
युवक की मौत के बाद आक्रोशित स्वजन रात को निजी अस्पताल गेट में एकत्र हो गए और हंगामा करने लगे। मौके पर कोतवाली पुलिस भी पहुंची और स्वजनों को मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। जिसके बाद लोग शांत हुए।
वहीं बुधवार को भी स्वजन घटना को लेकर आक्रोशित रहे और मामले की जांच कराने की मांग की। स्वजनों की मांग थी कि चिकित्सकों का पैनल बनाकर पीएम कराया जाए और उसकी वीडियोग्राफी भी हो, दोषी पाए जाने पर चिकित्सकों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
साथ ही पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाए। उनकी मांग पर चिकित्सकों की टीम और तहसीलदार की मौजूदगी में पीएम कराया गया है। साथ ही परिवार को पीएम रिपोर्ट आने के बाद उसके अनुसार आगे की कार्रवाई करने का आश्वासन अधिकारियों ने दिया। कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम किया है और मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- कटनी के बहोरीबंद में सरपंच ने ग्रामीण को चप्पलों से पीटा, गाली-गलौज का वीडियो वायरल