
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। जिले के बहोरीबंद जनपद अंतर्गत सिहुड़ी ग्राम पंचायत में मंगल भवन के निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाने पर सरपंच ने एक ग्रामीण को सरेराह चप्पलों से पीटा। मामले का वीडियो मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने उसे संज्ञान में लिया है और मामले की जांच कर रही है।
बताया जाता है कि पंचायत में मंगल भवन का निर्माण कार्य चल रहा था। इस निर्माण कार्य में कथित तौर पर एक स्कूल के गिरे हुए मलबे का खुलेआम उपयोग किया जा रहा था। जब गांव के सुनमान लोधी नामक युवक ने इस बात का विरोध किया और निर्माण कार्य में हो रही अनियमितता पर सवाल उठाए, तो आरोप है कि सरपंच रामकृष्ण लोधी भड़क गए।
सरपंच ने पहले उसका खुलेआम अपमान किया और गाली-गलौज करते हुए फिर सरेआम चप्पलों से उसकी पिटाई कर दी। घटना के बाद सरपंच के बड़े भाई और भाजपा नेता शंकर महतो और सरपंच कृष्ण कुमार के आग्रह के चलते पीड़ित सुनमान लोधी ने शुरुआत में थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई।
पीड़ित की मांग है कि ग्राम पंचायत द्वारा कराए जा रहे मंगल भवन निर्माण की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और घटिया सामग्री का उपयोग कर जनता के पैसों की बर्बादी करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।
मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने कहा है कि मारपीट का वीडियो संज्ञान में आया है। बहोरीबंद थाने में संबंधित पक्ष की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, फिर भी वीडियो के आधार पर पुलिस अपने स्तर पर पूरे मामले की से जांच कर रही है और उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- जनसुनवाई में दिखा अलग ही दृश्य, फरियाद सुनने के लिए जमीन पर ही बैठ गए जबलपुर निगमायुक्त