
नईदुनिया प्रतिनिधि कटनी। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने भाई के दस्तावेजों का उपयोग कर सेना में नौकरी की। उसके बाद फर्जी तरीके से मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर पेंशन भी निकाली। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस के अनुसार स्लीमनाबाद के छोटी कारी पाथर निवासी जमुना प्रसाद हल्दकार ने कथित तौर पर अपने भाई बद्री प्रसाद के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर सेना में नौकरी हासिल की थी।
वर्ष 2018 में जमुना प्रसाद की मृत्यु के बाद बद्री प्रसाद के नाम से कटनी जिला अस्पताल का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कराने का आरोप है। इसी आधार पर वर्ष 2019 में भूरी बाई हल्दकार और बद्री प्रसाद के नाम से पेंशन शुरू कराए जाने की बात सामने आई है।
आरोप है कि भाई की वर्ष 2018 में मृत्यु होने के बाद उसके नाम से फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कराकर पेंशन निकालने का सिलसिला जारी रखा गया। पेंशन की राशि भारतीय स्टेट बैंक की स्लीमनाबाद शाखा के खाते में आती थी।
आरोप है कि इस खाते से जुड़े मोबाइल नंबर का इस्तेमाल मनीषा हल्दकार के नाम से लिंक कराया गया था। मनीषा के पति सुनील हल्दकार कथित तौर पर इसी मोबाइल नंबर और बैंक खाते के माध्यम से लेनदेन करते थे।
जांच में भूरी बाई हल्दकार, मनीषा हल्दकार, सुनील हल्दकार, प्रीति कुशवाहा, कुलदीप कुमार, दीपक कुशवाहा सहित जिला अस्पताल के कर्मचारियों और अन्य अज्ञात सहयोगियों के नाम सामने आए हैं। स्लीमनाबाद थाना प्रभारी विजय विश्वकर्मा ने बताया कि सभी के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में इस करवा चौथ पर पत्नी ने लंबी उम्र नहीं मांगी, पति को दिया नया जीवन