
नईदुनिया प्रतिनिधि कटनी। कुठला थाना परिसर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब वृद्ध ने थाना परिसर में खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आग बुझाई और झुलसे वृद्ध को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।
बताया जाता है कि पुलिस ने चोरी के मामले में उसके बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेजा था और उसी मामले में उसकी पत्नी को भी आरोपी बनाया जा रहा था, जिसको लेकर वह नाराज था और थाना पहुंचकर आत्मघाती कदम उठाया।

बताया जाता है कि दलपत पटेल पिता रामनारायण पटेल निवासी इंद्रा नगर का बेटा चोरी के एक मामले में जेल में बंद है। स्वजनों का आरोप है कि चोरी के मामले में दलपत की पत्नी को भी आरोपित बनाया जा रहा था और शुक्रवार की सुबह पुलिस महिला को पूछताछ के लिए थाना लेकर गई थी।

बताया जाता है कि नाराज वृद्ध ने पेट्रोल छिड़क कर खुद को आग लगाई। घटना के बाद थाना में हड़कंप मच गया और पुलिसकर्मियों ने दौड़कर उसकी आग बुझाई और आनन फानन में उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

अस्पताल में उसका इलाज जारी है। दूसरी ओर स्वजन अस्पताल में हंगामा कर पुलिस पर आरोप लगाते रहे। अस्पताल में हंगामे को देखते हुए कुठला सहित कोतवाली का बल भी तैनात किया गया है। फिलहाल मामले में पुलिस अधिकारी अभी कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
यह भी पढ़ें- जबलपुर से छूटी रीवा शटल में दोस्ती, सिहोरा में आई नींद, मोबाइल चुराकर यूपीआई से 20 हजार रुपये निकाले