
नईदुनिया प्रतिनिधि कटनी। निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया सोशल मीडिया पर सक्रिय नजर आ रही हैं। उनके नाम की इंस्ट्राग्राम आईडी से लगातार पोस्ट की जा रही हैं।
अगस्त से लेकर अभी तक एकाउंट से कई बार फोटो व अन्य चीजें पोस्ट हुई हैं और दो दिन पहले भी आईडी सक्रिय थी, जिसमें पोस्ट नजर आ रही है।
दूसरी ओर मामले काे लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उनके नाम से किसी ने फेक आइडी बनाई है और उसकी जांच कराई जा रही है।
अगस्त माह में कन्हवारा के एक हत्या के मामले में रमेश पटेल, उसके बेटे व दामाद को आरोपी बनाया गया था। मामले में सीएसपी रहीं नेहा पच्चीसिया जांच कर रही थीं।
आरोपियों से सांठगांठ कर उनको डिफाल्ट बेल का लाभ दिलाने और उसके बाद आरोपी की एक करोड़ से अधिक की जमीन अपने करीबी क्षितिज राज व मारूफ अहमद के साथ मिलकर सस्ते में अपने नाम कराने का आरोप उनपर लगा था।
आईजी जबलपुर ने मामले की जांच कराई थी और उसके बाद तीनों के खिलाफ कुठला थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई थी तो मुख्यमंत्री के निर्देश पर सीएसपी को निलंबित किया गया था।
मामले में जिला न्यायालय और उसके बाद हाइकोर्ट भी पच्चीसिया पहुंची, लेकिन दोनों ही न्यायालय से उनको राहत नहीं मिली है। तीनों की गिरफ्तारी को लेकर एसआईटी गठित की गई है, जो पिछले तीन माह में तीनों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
मामले में तीनों पर 30-30 हजार रुपये का इनाम भी घोषित हो चुका है। जिस आईडी से पोस्ट की जा रही हैं, उससे एक पाकिस्तानी युवक ने भी उनके ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए पोस्ट की थी।
नेहा पच्चीसिया के नाम पर सोशल मीडिया पर आईडी से पोस्ट किए जाने की बात सामने आई थी। जिसमें जांच कराई गई है। जिस आई से पोस्ट की जा रही हैं, वह फेक आई है और उसमें पुरानी फोटो आदि डाली जा रही हैं। मामले की जांच कराई जा रही है।
अभिनय विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक
यह भी पढ़ें- जबलपुर में हर महीने 10 से 15 % मुनाफे का झांसा, 44 लाख से ज्यादा रुपये लेकर दंपती फरार