
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। माधवनगर के टाल व्यवसायी और पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष चमनलाल आनंद से जुड़े तीन ठिकानों पर मंगलवार को आयकर विभाग की टीम ने दबिश दी।
कटनी और जबलपुर के आयकर अधिकारियों व कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने उनकी फर्म और निवास सहित तीन स्थानों पर पहुंचकर जांच शुरू की।
कार्रवाई के दौरान करीब एक दर्जन अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं। आयकर विभाग की टीम व्यवसाय से संबंधित वित्तीय लेन-देन, आय-व्यय और अन्य दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।
जांच के दायरे में संभावित वित्तीय अनियमितताओं, कर अपवंचन और आय से संबंधित अभिलेखों को शामिल किए जाने की जानकारी सामने आई है।
विभागीय टीम संबंधित दस्तावेजों का मिलान करने के साथ अन्य जरूरी जानकारियां भी जुटा रही है। सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई से माधवनगर क्षेत्र में हड़कंप का माहौल रहा।
कार्रवाई के संबंध में विभाग की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में शराब के लिए दो हजार रुपये मांगे, नहीं देने पर एक ने पकड़ा, दूसरे ने चाकू मारा; तीसरे ने चलाई गोली