
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। माधवनगर के बरगवां में बुधवार रात किसना ज्वेलर्स शोरूम में हुई 12 करोड़ के सोने-हीरे के आभूषणों की चोरी के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। पुलिस का अनुमान है कि घटना को अंजाम देने वाला पेशेवर और पुराना गिरोह है, जिसका संबंध झारखंड से हो सकता है।
शोरूम में सेंध लगाने के लिए गिरोह ने जिस टूल किट का उपयोग किया, वह मुंबई से खरीदी गई थी, जबकि गैस कटर, गैस सिलिंडर और आक्सीजन सिलिंडर बदमाशों ने कटनी से ही खरीदे थे।
आईजी जबलपुर प्रमोद वर्मा और डीआईजी अतुल सिंह ने शुक्रवार को घटना स्थल का निरीक्षण किया। आईजी ने बताया कि घटना को अंजाम देने वाला गिरोह पेशेवर और पुराना है। दूसरे राज्यों में भी टीमों को भेजा गया है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पुलिस टीम ने दबिश दी है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि बदमाश छह से सात की संख्या में थे। पुलिस को एक प्रतिष्ठान के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में बदमाशों के चेहरे साफ नजर आए हैं। उन्होंने नगर की बजाज कंपनी से आक्सीजन सिलिंडर खरीदने के लिए नकली आइडी दी थी।
बदमाश शाम के समय ऑटो से ऑक्सीजन सिलिंडर लेकर शोरूम के पास तक ले गए थे। पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई है कि रात में एक बार अलार्म बजा था, लेकिन सुरक्षा गार्ड ने इसे चूहों की हरकत समझा। अभी आभूषणों का मिलान कराया जा रहा है। यह चोरी 15 करोड़ रुपये से अधिक की भी हो सकती है।
यह भी पढ़ें- कटनी में माधव नगर के ज्वेलर्स शो रूम में सेंध, गोल्ड-डायमंड के 12 करोड़ रुपये के आभूषण ले गए चोर