
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। श्रीबजरंग उत्सव समिति की ओर से चौपाटी परिसर में हर साल दशहरा उत्सव पर्व मनाया जाता है और रावण के पुतले का दहन होता है। आयोजन को लेकर कमेटी ने मिशन चौक में बैनर लगाया था। जिसको शुक्रवार की शाम को निगम के अतिक्रमण दस्ता ने हटा दिया।
जानकारी लगते ही कमेटी के लोग एकत्र हो गए और हंगामा करने लगे। समिति के सदस्य नगर निगम गेट पर एकत्र होकर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
समिति के सदस्यों का आरोप था कि मिशन चौक में कई लोगों के बैनर लगे हुए हैं और उनको हटाने की जगह केवल समिति के बैनर को ही अतिक्रमण दस्ते ने अलग कराया और उसे फाड़ भी दिया।
समिति में ज्यादातर सदस्य और पदाधिकारी सत्ता पक्ष से है और सड़क जाम कर देने से मुख्य मार्ग पर जाम लग गया।
जानकारी लगते ही कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडेय बल के साथ मौके पर पहुंच गई और वाहनों को दूसरे मार्ग से निकाला। निगम के अधिकारियों ने सदस्यों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे अतिक्रमण प्रभारी मानवेंद्र सिंह पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने पूरे अमले को हटाकर दूसरे को प्रभार देने का आश्वासन दिया। जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
यह भी पढ़ें- रिटायर्ड पंचायत सचिवों की पुरानी पेंशन का रास्ता खुला, हाई कोर्ट ने 3 महीने में फैसला लेने का दिया निर्देश