
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर कटनी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अतिथि शिक्षक वर्ग-2 के अंतर्गत पीटीआई (खेल शिक्षक) के एक रिक्त पद के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर के प्राचार्य ने बताया कि यह भर्ती मध्यप्रदेश जनजातीय एवं अनुसूचित जाति शिक्षण संवर्ग (सेवा एवं भर्ती) नियम 2018 एवं 2024, मध्य प्रदेश राजपत्र अथवा शिक्षा विभाग द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार होगी।
अतिथि शिक्षक की व्यवस्था पूर्णतः अस्थायी होगी। नियमित कर्मचारी की पदस्थापना अथवा पद की पूर्ति होने पर यह व्यवस्था स्वतः समाप्त हो जाएगी। अभ्यर्थियों का विषयवार मेरिट के आधार पर पैनल तैयार किया जाएगा और वरिष्ठता क्रम में आवश्यकता के अनुसार आमंत्रित किया जाएगा।
सूचना मिलने के दो दिवस के भीतर उपस्थित नहीं होने पर पैनल के अगले अभ्यर्थी को अवसर दिया जाएगा। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी अपने आवेदन माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, कटनी में 2 नवंबर 2026 तक कार्यालयीन समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच जमा कर सकते हैं।
अतिथि शिक्षकों को आमंत्रित करना विद्यालय की आवश्यकता पर निर्भर करेगा। कार्य व्यवहार, लगातार अनुपस्थिति अथवा अध्यापन कार्य संतोषजनक नहीं होने पर संबंधित अतिथि शिक्षक को पृथक करने का अधिकार शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के पास सुरक्षित रहेगा।