
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। पंधाना विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने पहल की है। उन्होंने ग्राम निहालवाड़ी से डाभी होते हुए मिटावल तक लगभग 13 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह को पत्र लिखकर आवश्यक स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया है।
सांसद पाटिल द्वारा 25 नवंबर को भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि छैगांवमाखन विकासखंड के अंतर्गत आने वाला यह मार्ग आसपास के लगभग 25 गांवों के ग्रामीणों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। सड़क निर्माण होने से यह क्षेत्र सीधे खरगोन जिले से जुड़ जाएगा। इससे दोनों जिलों के ग्रामीणों, किसानों और विद्यार्थियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
यह भी पढ़ें- मुरैना में रोड रेज का मामला, कार से टच हुए डंपर का 30 किमी किया पीछा, ड्राइवर के हाथ-पैर तोड़े
पत्र में सांसद ने बताया कि आवागमन की दृष्टि से यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके निर्माण की मांग ग्रामीण लंबे समय से करते आ रहे हैं। सड़क बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी और क्षेत्रीय संपर्क भी बेहतर होगा।