खंडवा में कचरे के ढेर के पास खुले में मिली मावे की 15 पोटलियां, रतलाम से आई थी खेप
शहर में खाद्य पदार्थों के परिवहन और सुरक्षित रखरखाव को लेकर एक बार फिर लापरवाही सामने आई है। इंदौर नाका स्थित पेट्रोल पंप पर बुधवार सुबह कचरे के ढेर के पास मावे से भरी 15 टोकरियां खुले में रखी मिलीं।
Publish Date: Wed, 11 Nov 2026 12:38:32 PM (IST)Updated Date: Wed, 11 Nov 2026 12:38:32 PM (IST)
मावे की पोटलियां उठाते निगम के कर्मचारी। -वीडियो ग्रैबHighLights
- रतलाम से बस के जरिए खंडवा पहुंची मावे की खेप
- बस का कंडक्टर पंप के पास छोड़ गया
- प्रत्येक पोटली में करीब 25 किलो मावा भरा हुआ था
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा : शहर में खाद्य पदार्थों के परिवहन और सुरक्षित रखरखाव को लेकर एक बार फिर लापरवाही सामने आई है। इंदौर नाका स्थित पेट्रोल पंप पर बुधवार सुबह कचरे के ढेर के पास मावे से भरी 15 टोकरियां खुले में रखी मिलीं।
रतलाम से बस के जरिए खंडवा लाई गई मावे की इस खेप को निर्धारित स्थान पर पहुंचाने के बजाय पेट्रोल पंप पर ही उतारकर छोड़ दिया गया था। खुले में कचरे के पास मावा रखे होने की सूचना मिलने पर हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई और प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।
प्रत्येक टोकरी में करीब 25 किलो मावा भरा हुआ था
इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मावे के नमूने लेने की कार्रवाई शुरू की। जानकारी के अनुसार, प्रत्येक टोकरी में करीब 25 किलो मावा भरा हुआ था। अधिकारियों के मुताबिक पूरी खेप का वजन लगभग तीन क्विंटल बताया गया है। मौके पर नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी जाकिर और खाद्य सुरक्षा अधिकारी राधेश्याम गोले भी पहुंचे। अधिकारियों ने मावे की स्थिति का जायजा लेकर सैंपलिंग की कार्रवाई की। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हम्माल देर से पहुंचे तो पेट्रोल पंप पर उतार दी टोकरियां
कहारवाड़ी स्थित लालाजी मावा दुकान के संचालक सावन जायसवाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि मावा रतलाम से मंगवाया गया था। बस से मावा उतारने के लिए हम्माल भेजे गए थे, लेकिन उनके निर्धारित समय पर नहीं पहुंचने के कारण बस चालक ने पेट्रोल पंप पर ही टोकरियां उतार दीं और वहां से रवाना हो गया। इस खेप में उनकी पांच टोकरियां भी शामिल थीं।
कचरे के पास खुले में पड़ा था मावा
मौके पर मावे की कुछ टोकरियां फटी हुई थीं और खेप कचरे के ढेर के पास खुले में पड़ी थी। इस तरह खाद्य सामग्री रखे जाने पर संगठनों के लोगों ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों से खाद्य पदार्थों के परिवहन और रखरखाव में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग की। अब खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट से मावे की गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट होगी।