
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। शहर की नर्मदापुरम कॉलोनी में 19 वर्षीय आईटीआई छात्र आदेश कनाड़े का शव किराये के कमरे में मिला। वह अपने मामा के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रहा था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की गई।
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात छात्र के इंस्टाग्राम बायो में लिखी तारीख है। आदेश ने अपनी जन्मतिथि के साथ मृत्यु की तारीख भी दर्ज कर रखी थी। बायो में जन्म के आगे 19 जून और मृत्यु के आगे 11 नवंबर लिखा हुआ था। संयोग से इसी तारीख को उसकी मौत हुई। घटना से पहले उसने सोशल मीडिया पर जीवन और मृत्यु से जुड़ी निराशा जाहिर करने वाली पोस्ट भी साझा की थी।
आदेश इंटरनेट मीडिया पर काफी सक्रिय रहता था। उसके अकाउंट पर ब्रेकअप और टूटे दिल से जुड़ी कई रील्स भी पोस्ट थीं। शुरुआती जानकारी में किसी लड़की से प्रेम संबंध टूटने के बाद उसके तनाव में रहने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। परिजनों के अनुसार घर में किसी तरह का विवाद नहीं था। उन्हें भी आदेश की मौत की वजह समझ नहीं आ रही है।
घटनास्थल की जांच में पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में बायो में मृत्यु की तारीख लिखने और घटना से पहले की गई पोस्ट को भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है। पुलिस आदेश के दोस्तों, परिजनों और परिचितों से जानकारी जुटा रही है। कोतवाली पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। एएसपी आदित्य सिंघारिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- इंदौर में रिटायर्ड DSP के बेटे ने होटल की चौथी मंजिल से कूदकर दी जान, किराये के बकाया बिल से था परेशान