
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा : सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए खंडवा पुलिस ने हेलमेट बैंक की शुरूआत की है। दोपहिया वाहन से कहीं जाना है और हेलमेट नहीं है तो अब सुरक्षा से समझौता नहीं करना पड़ेगा। कहारवाड़ी पुलिस चौकी में बनाए गए हेलमेट बैंक से लोग अपनी जरूरत के अनुसार निश्शुल्क हेलमेट लेकर यात्रा कर सकेंगे। यात्रा पूरी होने के बाद हेलमेट लौटाना अनिवार्य होगा।
पुलिस की इस पहल का उद्देश्य हेलमेट के अभाव में लोगों को बिना सुरक्षा वाहन चलाने से रोकना और सड़क दुर्घटनाओं में सिर की चोट के खतरे को कम करना है। बुधवार को शुरू किए गए हेलमेट बैंक में फिलहाल 50 हेलमेट रखे गए हैं। जरूरत और आम लोगों के सहयोग के आधार पर इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी।
एसपी अगम जैन की पहल पर शुरू की गई इस व्यवस्था के लिए कहारवाड़ी पुलिस चौकी का नवीनीकरण कर उसे हेलमेट बैंक के रूप में विकसित किया गया है। शुरुआती हेलमेट ट्रैफिक पुलिस ने अपने बजट से उपलब्ध कराए हैं।
ट्रैफिक डीएसपी अनिल कुमार राय ने बताया कि हेलमेट बैंक के माध्यम से ऐसे वाहन चालकों को सुविधा मिलेगी, जिनके पास यात्रा के समय हेलमेट उपलब्ध नहीं है। हेलमेट लेने के लिए व्यक्ति को अपना नाम, मोबाइल नंबर और आधार नंबर दर्ज कराना होगा। हेलमेट पूरी तरह निशुल्क दिया जाएगा और यात्रा पूरी होने के बाद उसे वापस करना होगा। कार्यालयीन समय में कहारवाड़ी पुलिस चौकी स्थित हेलमेट बैंक से हेलमेट लिया जा सकता है। इसके अलावा अन्य समय में जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक थाने से संपर्क किया जा सकेगा।
पुलिस ने इस अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने की पहल भी की है। लोग जन्मदिन, शादी की सालगिरह या अन्य खास अवसरों पर हेलमेट दान कर सकते हैं। इससे बैंक में हेलमेट की संख्या बढ़ेगी और अधिक वाहन चालकों को सुविधा मिल सकेगी। पुलिस का मानना है कि लोगों के सहयोग से यह पहल सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मददगार होगी। हेलमेट बैंक के जरिए संदेश दिया जा रहा है कि थोड़ी सी सावधानी और सुरक्षा उपकरण का इस्तेमाल दुर्घटना के समय गंभीर चोट से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
हेलमेट बैंक का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों को दुर्घटना में सिर पर घातक चोट से सुरक्षित करना है। इसे जागरूकता अभियान के रूप में प्रारंभ किया है। लोग दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग अवश्य करें। -अगम जैन, पुलिस अधीक्षक खंडवा