
डिजिटल डेस्क, खंडवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय समारोह से वापस लौट रही एक यात्री बस ने सोमवार को बाइक सवार दो किसानों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में बाइक चला रहे 42 वर्षीय किसान कमलचंद पाटीदार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे 68 वर्षीय बुजुर्ग किसान संतोष पाटीदार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। यह हादसा कार्यक्रम स्थल से मात्र एक किलोमीटर की दूरी पर ग्राम नहाल्दा के समीप घटित हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सतवाड़ा निवासी लखनलाल पाटीदार के 42 वर्षीय पुत्र कमलचंद पाटीदार और छोगालाल पाटीदार के 68 वर्षीय पुत्र संतोष पाटीदार दोनों कृषि कार्य से जुड़े हैं। सोमवार को वे अपने खेत की पाइपलाइन से जुड़ा आवश्यक सामान खरीदने के लिए मोटरसाइकिल से खंडवा शहर आ रहे थे।
जैसे ही वे ग्राम नहाल्दा के पास पहुंचे, कार्यक्रम समाप्त होने के बाद लौट रही तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सड़क पर गिरने के बाद बस का पहिया कमलचंद के सिर से गुजर गया, जिससे उनकी तत्काल मृत्यु हो गई।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना को अंजाम देने वाली 'यश ट्रैवल' कंपनी की यह बस बड़वानी जिले से बुलाकर जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में लगाई गई थी। आयोजन खत्म होने के बाद बस इसमें सवार स्कूली छात्र-छात्राओं को घर छोड़ने जा रही थी। टक्कर मारने के बाद चालक बस को लेकर मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस ने पीछा करते हुए करीब आठ किलोमीटर दूर ग्राम सांवखेड़ा के समीप घेराबंदी कर जब्त कर लिया।
दुर्घटना की खबर लगते ही सीएसपी अभिनव बारंगे और टीआई प्रवीण आर्य पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और जाम हुए मार्ग को खुलवाकर यातायात बहाल कराया। हादसे के लगभग एक घंटे पश्चात मृतक के शव को एंबुलेंस के जरिए तथा घायल संतोष पाटीदार को डायल-112 वाहन की सहायता से जिला चिकित्सालय भिजवाया गया। मृतक कमलचंद अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। घर के कमाऊ सदस्य के अचानक चले जाने से सतवाड़ा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- देश में 3.30 करोड़ उपभोक्ताओं ने सालभर नहीं लिया सिलिंडर, एमपी के 17 लाख खाते खाली, RTI में खुलासा