
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा : जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है।इसी कड़ी में जावर और बोरगांव पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए गांजे के कारोबार में लिप्त तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
जावर पुलिस ने ग्राम डेबरी फाल्या कैसून में दो खेतों पर दबिश देकर गांजे के 221 पौधे जब्त किए, जबकि बोरगांव पुलिस ने बिना नंबर की मोटरसाइकिल से गांजा लेकर जा रहे 19 वर्षीय युवक को पकड़ा। तीनों कार्रवाई में पुलिस ने कुल 296.4 किलोग्राम से अधिक गांजा जब्त किया है।
जावर पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम डेबरी फाल्या कैसून निवासी दरियावसिंह निंगवाल (48) ने अपने खेत में कपास और तुअर की फसल के बीच गांजे के पौधे लगा रखे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। तलाशी के दौरान खेत से गांजे के 110 पौधे मिले, जिनका कुल वजन 195.361 किलोग्राम और अनुमानित कीमत करीब 19 लाख 54 हजार रुपये बताई गई। पुलिस ने दरियावसिंह को गिरफ्तार कर लिया।
इसी गांव में दूसरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भूरु उर्फ राजेश (40) के खेत में दबिश दी। यहां भी कपास और तुअर की फसल के बीच गांजे के पौधे लगाए गए थे। पुलिस ने मौके से 111 पौधे जब्त किए। इनका वजन 100.700 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस ने दूसरे आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों खेतों से कुल 221 पौधे जब्त किए गए, जिनका वजन 295.700 किलोग्राम है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की है।
इधर, बोरगांव चौकी पुलिस ने डोंगरगांव रोड पर घेराबंदी कर गांजा तस्करी के आरोप में हासिम खत्री पिता नूर मोहम्मद खत्री (19), निवासी खिराला को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक बिना नंबर की मोटरसाइकिल से गांजा लेकर जा रहा है।
चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अविनाश भोपले के नेतृत्व में टीम ने डोंगरगांव रोड पर नाकाबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 700 ग्राम गांजा मिला। पुलिस ने गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त मशरूके की कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है। आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जावर में हुई कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुलोचना गहलोद, उपनिरीक्षक राजेंद्र राठौड़, सहायक उपनिरीक्षक रंजीत सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक मुन्ना बर्डे, प्रकाश और आरक्षक सुरेश चौहान सहित पुलिस टीम की भूमिका रही। वहीं बोरगांव की कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य सिंघारिया, डीएसपी मुख्यालय दुर्गेश आर्मो और पंधाना थाना प्रभारी राजकुमार राठौर के मार्गदर्शन में की गई। इसमें चौकी प्रभारी अविनाश भोपले सहित पुलिसकर्मियों का योगदान रहा।
यह भी पढ़ें- धार के 7 थाना क्षेत्रों में ₹8.20 करोड़ के गांजे के 6863 पौधे जब्त, 12 मामले दर्ज, एक गिरफ्तार; कई फरार