
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा : पंधाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वन ग्राम कोकरिया में कपास के खेत से गांजे के 80 पौधे जब्त किए हैं। जब्त गांजे का कुल वजन करीब एक क्विंटल 46 किलोग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये है।
पुलिस ने खेत से गांजे के पौधे बरामद कर एक आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कोकरिया निवासी फुलसिंह पिता मालसिंह (38) ने अपने कपास के खेत में गांजे के पौधे उगा रखे हैं।
सूचना पर थाना प्रभारी राजकुमार राठौर ने पुलिस टीम गठित कर मौके पर कार्रवाई की। तलाशी के दौरान खेत से गांजे के 80 पौधे बरामद हुए। पुलिस ने सभी पौधों को जब्त कर लिया। मामले में आरोपित फुलसिंह के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अगम जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य सिंघारिया के निर्देशन और डीएसपी दुर्गेश आर्मो के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी राजकुमार राठौर सहित पंधाना थाने के पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।
बुरहानपुर। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशामुक्त अभियान के तहत खकनार थाना पुलिस को गांजे की खेती के विरुद्ध बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। थाना प्रभारी अभिषेक जाधव ने बताया कि गत पांच नवंबर को थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक जाधव को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम उसारणी निवासी प्रताप चंगड़ खेत में कपास की फसल के बीच अवैध रूप से गांजे के पौधे की खेती कर रहा है।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम एवं स्वतंत्र पंचानों तथा राजस्व और वन विभाग के साथ संदेही के खेत पर दबिश दी गई। खेत की तलाशी के दौरान कपास की फसल के बीच में लगाए गए हरे पत्तीदार गांजे के कुल 50 नग पौधे पाए गए। जिनकी लंबाई चार से आठ फीट तक थी।
मौके से उखाड़े गए 50 नग गांजे के पौधों का इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन कराने पर कुल वजन 107.200 किलोग्राम पाया गया। इसकी कीमती लगभग दो लाख रुपये आंकी गई है। आरोपित प्रताप चंगड़ के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक जाधव, उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह राजपूत, कुबेर सिंह जाटव, सहायक उप निरीक्षक अजीज शेख, प्रधान आरक्षक सतीष सूर्यवंशी, अजय अजनारे, आरक्षक सुनील धुर्वे एवं अजय अहिरवार की सराहनीय भूमिका थी।
यह भी पढ़ें- MP में नशे के खिलाफ एक्शन: भोपाल संभाग से 426 किलो गांजा जब्त, 249 तस्करों पर केस