
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। बलराम कृषि महोत्सव के मंच से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर वैचारिक मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कृषि कल्याण वर्ष के अंतर्गत "बलराम वर्ष" मना रही है, लेकिन कांग्रेस हमेशा भाजपा के विकास और किसान हित के हर प्रयास पर सवाल खड़े करती है।
मुख्यमंत्री ने आजादी से पहले हुए खिलाफत आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने उस समय तुर्की के खलीफा के समर्थन में चले आंदोलन का साथ दिया और हिंदू-मुस्लिम राजनीति को बढ़ावा दिया। उनके अनुसार, इसी प्रकार की राजनीति ने आगे चलकर देश में ऐसे हालात पैदा किए, जिनके परिणामस्वरूप भारत का विभाजन हुआ और भारत-पाकिस्तान अलग-अलग राष्ट्र बने।
डॉ. यादव ने कहा कि इतिहास से सीख लेकर देश को विकास, राष्ट्रहित और सामाजिक समरसता के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने किसानों के कल्याण, कृषि विकास और प्रदेश सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार किसान हितों के लिए लगातार काम कर रही है।