
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। शहर के हरसूद रोड स्थित सिविल लाइंस क्षेत्र में विधि महाविद्यालय के पास नवीन नगर निगम कार्यालय भवन का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकार्पण किया। यहां से नाहलदा के आदर्श महाविद्यालय मैदान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री यादव को लोक कलाकार नृत्य कर मंच तक ले गए।
नगर निगम ने महत्वाकांक्षी परियोजना पर 16 करोड़ 97 लाख रुपए खर्च किए हैं। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस पांच मंजिला भवन के निर्माण से विभिन्न कार्यालयीन कार्यों के संचालन में सुविधा मिलेगी और आम नागरिकों को भी बेहतर सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। कार्यालय भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में महापौर अमृता यादव, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक छाया मोरे सहित जनप्रतिनिधि, एमआईसी सदस्य, पार्षद व शहरवासी उपस्थित थे।
परियोजना के तहत 30 हजार वर्गफीट भूमि पर कुल 65 हजार वर्गफीट निर्मित क्षेत्रफल का भवन तैयार किया गया है। जी+4 (ग्राउंड सहित पांच मंजिला) इस भवन में कुल 80 कक्ष, एक विशाल हॉल, नागरिकों की सुविधा के लिए 22 काउंटर और आवागमन को सुगम बनाने के लिए दो लिफ्ट की व्यवस्था रहेगी।
यह भी पढ़ें- भोपाल, इंदौर और जबलपुर रेल इकाइयों में अफसरों की कमी; SP-DSP के 12 पदों में से 5 खाली, कामकाज ठप
नवीन कार्यालय भवन को आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया है। पर्याप्त कक्षों, काउंटरों और अन्य सुविधाओं के साथ यह भवन कार्यालयीन व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।