
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। सोमवार को खंडवा पहुंचे सीएम डॉ. मोहन यादव ने श्रीदादाजी समाधि के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने टिक्कड़ के साथ लड्डू प्रसाद ग्रहण किया। सीएम ने टिक्कड़ का स्वाद चखकर कहा, मजा आ गया। सीएम करीब 20 मिनट तक दादाजी दरबार में रहे। इस दौरान बड़े दादाजी, छोटे दादाजी और मां नर्मदा के मंदिर में दर्शन कर धूनी माई में आहुति भी डाली।
इसके बाद उन्होंने भक्त निवास परिसर में रखे निर्माणाधीन मंदिर के लिए लाए गए संगमरमर के सैंपल खंभे का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि श्री दादाजी दरबार में बाहरी आडंबर की बजाए आंतरिक शांति का अनुभव होता है। मुझे ये संतोष है कि यहां मंदिर निर्माण को लेकर जो मत भिन्नता थी, उसे दूर करके बड़े और छोटे दादाजी का मंदिर मर्यादा को ध्यान में रखते हुए सब मिलकर बनाएंगे। सीएम को मंदिर ट्रस्ट द्वारा चादर प्रसादी भी भेंट की गई।

जानकारी हो कि श्री दादाजी दरबार में गुरु पूर्णिमा उत्सव 29 जुलाई को मनाया जाएगा। पर्व को लेकर दो दिन पहले ही दरबार में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। हालांकि सीएम के समाधि दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश पर किसी तरह की रोक नहीं रही। श्रद्धालु निशान लेकर यहां दर्शन के लिए आते रहे।
यह भी पढ़ें- खंडवा में सीएम मोहन यादव... इतिहास का जिक्र कर कांग्रेस पर बरसे, कहा- विभाजनकारी थी उनकी नीति