
मनीष करे, नईदुनिया, खंडवा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को ओंकारेश्वर में नर्मदा के गोमुख घाट आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान संत 'दादा गुरु' की पांचवीं नर्मदा परिक्रमा यात्रा के शुभारंभ अवसर पर श्रद्धालुओं और संतों को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां नर्मदा की परिक्रमा यात्रा करना आसान नहीं होता, लेकिन दादा गुरु अपनी अदम्य संकल्प शक्ति के बल पर पांचवीं बार इस यात्रा की ओर कदम बढ़ा रहे हैं, जो 'पंच परमेश्वर' का पूर्ण स्वरूप है। उन्होंने दादा गुरु से लोक कल्याण के कार्यों को निर्विघ्न और निष्कलंक रूप से पूरा करने के लिए सदैव आशीर्वाद बनाए रखने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने स्वयं को बालक बताते हुए कहा कि जिस प्रकार माता-पिता अपने बच्चों की जाने-अनजाने में हुई गलतियों को क्षमा कर उन्हें अच्छे कर्मों के लिए प्रेरित करते हैं, उसी प्रकार दादा गुरु का आशीष भी निरंतर प्राप्त होता रहे।
यात्रा के बढ़ते विस्तार का उल्लेख करते हुए डॉ. यादव ने कहा कि पहले यह यात्रा केवल दो-चार लोगों की छोटी टोलियों में होती थी, लेकिन आज दादा गुरु के विराट संसार का यह लघु रूप भी विशाल जनसमूह में बदल गया है। उन्होंने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जिक्र करते हुए बताया कि इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के प्रबंधन की जिम्मेदारी प्रदेश के वरिष्ठ मंत्रियों नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल द्वारा संभाली जा रही है।
मुख्यमंत्री ने विनम्रतापूर्वक स्वीकार किया कि सरकार अपने स्तर पर चाहे जितने भी प्रबंध कर ले, लेकिन विशाल आध्यात्मिक आयोजनों के सामने सरकारी व्यवस्थाएं हमेशा कम ही प्रतीत होती हैं और सुधार की गुंजाइश बनी रहती है। अंत में मुख्यमंत्री ने इस पूरी यात्रा की सफलता की कामना करते हुए सभी श्रद्धालुओं और यात्रियों को अपनी ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर संत दादा गुरु ने कहा कि मां नर्मदा की परिक्रमा में देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं और परिक्रमावासियों की व्यवस्था और सुरक्षा के लिए मध्य प्रदेश सरकार संकल्पित है। सरकार का प्रयास है कि परिक्रमावासियों की साधना में कोई बाधा न आए। उन्होंने कहा कि अतिथि सत्कार हमारी संस्कृति है। परिक्रमावासी साधना करेंगे और भक्त सेवा में जुटेंगे। यह सेवा का क्रम लगातार चार महीने तक चलेगा।
दादा गुरु ने सनातन संस्कृति, प्रकृति संरक्षण और स्वच्छता पर जोर देते हुए कहा कि धरती, नदियों और पर्वतों का सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। आभूषणों से अधिक गुरुवाणी को जीवन में धारण करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि नर्मदा और क्षिप्रा की अविरलता व निर्मलता तथा गौ संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। आचार्यों की प्रार्थना, पूजन और आरती के बाद परिक्रमा का शुभारंभ हुआ। यह केवल शुरुआत है, अगले चार महीनों तक साधना और सेवा के माध्यम से इसका स्वरूप दिखाई देगा।
संत दादा गुरु की पांचवी नर्मदा परिक्रमा यात्रा के शुभारंभ पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, विश्वास सारंग, गौतम टेटवाल, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक नारायण पटेल, छाया मोरे सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।