_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी की लहरों के बीच बोटिंग का आनंद लिया और स्वयं बोट भी चलाई। इस दौरान उनका एक अलग और सहज अंदाज देखने को मिला।
बोट चलाने के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि यह उनके लिए कोई नया अनुभव नहीं है। उन्होंने बताया कि जब वे मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम में चेयरमैन के पद पर थे, उस समय उन्होंने उज्जैन की शिप्रा नदी में भी मोटर बोट और क्रूज चलाए थे।
मुख्यमंत्री के इस अंदाज को देखकर वहां मौजूद जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उत्साहित नजर आए। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश में धार्मिक और जल पर्यटन (वाटर टूरिज्म) को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
बोट में सवार मंत्रियों व अधिकारियों से उन्होंने ओंकारेश्वर में सिंहस्थ के प्रस्तावित कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की। मां नर्मदा से उन्होंने ओंकार पर्वत स्थित आदिगुरु शंकराचार्य की 108 फीट ऊंची प्रतिमा को भी निहारा। मुख्यमंत्री ओंकारेश्वर में संत दादा गुरु की नर्मदा परिक्रमा यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए थे।
यह भी पढ़ें- विदिशा में सामूहिक दुष्कर्म का एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे का घर गिराने की तैयारी, दो मकानों पर नोटिस चस्पा