
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। पिपलोद थाना क्षेत्र के ग्राम गांधवा के संजय नगर से शुक्रवार को महिलाएं एक वृद्ध के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचीं। यहां महिलाओं ने गांव के ही एक परिवार पर वृद्ध के साथ मारपीट और रस्सी से बांधकर बाइक से घसीटने के आरोप लगाए। वैसे इस मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि इन लोगों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।
संजय नगर निवासी मनीषा ने बताया कि कुछ दिन पहले उसके मामा दिनेश पुत्र फकरया अपने घर में मामी से विवाद कर रहे थे। पड़ोसी उषाबाई और उसके भाइयों को लगा कि उन्हें गाली दी जा रही है। इस बात से गुस्साए उषाबाई ने भाइयों के साथ मिलकर मामा-मामी के साथ पहले मारपीट की और उसके बाद मामा दिनेश के पैर रस्सी से बाइक के पीछे बांधे और घसीटा।
दिनेश की बहन बंशीबाई ने कहा कि रास्ते को लेकर पहले से विवाद है और उस दिन भी रास्ते से निकलने से मना करने के साथ मारपीट की गई। महिलाओं ने कहा कि ये लोग पूरे मोहल्ले के साथ मारपीट करते हैं और इसलिए सभी लोग साथ आए हैं।
यह भी पढ़ें- खंडवा में दुर्घटना के बाद घायलों को लेने पहुंची एंबुलेंस को धमकाकर लौटाया, कांग्रेस नेता समेत 2 की मौत
रहवासियों का आरोप है कि इस घटना को लेकर पिपलोद थाने शिकायत दर्ज कराने गए थे, लेकिन वहां कोई सुनवाई नहीं हुई। इसे लेकर पिपलोद थाना प्रभारी विक्रम धार्वे ने बताया कि इन दोनों परिवारों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है और पहले से ही दोनों की शिकायत पर एक-दूसरे के खिलाफ प्रकरण दर्ज है।