
नईदुनिया न्यूज, हरसूद। नगर के सडियापानी चौराहे स्थित श्री बालाजी ज्वेलर्स के मालिक से अज्ञात बदमाश सोना-चांदी के गहनों से भरा बैग लूट कर फरार हो गए। दुकान मालिक सुंदरलाल सोनी रात करीब 8:30 बजे घर जाने के लिए दुकान बंद कर रहे थे, इस दौरान गहनों का बैग दुकान के बाहर बेंच पर रखते ही एक बदमाश गहनों का बैग उठाकर साथी की बाइक पर बैठकर फरार हो गया। बैग में चार से पांच लाख रुपये का माल बताया जा रहा है। वारदात की सूचना मिलते ही हरसूद थाना प्रभारी राजकुमार राठौर ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।
क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर काले रंग की बाइक से भागते बदमाश कैद हुए हैं। रात की वजह से चेहरे स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस द्वारा अलग-अलग टीम गठित कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। सराफा व्यापारी से लूट की सूचना के बाद सडियापानी चौराहे पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
विदित हो कि एक माह पहले पुनासा में भी सात से आठ बदमाशों ने इसी तरह सराफा व्यापारी से लाखों के जेवर और नकदी लूट ली थी। नर्मदानगर पुलिस ने 18 दिन बाद बदमाशों को गिरफ्तार कर माल बरामद कर लिया था। यह लूट झाबुआ की मेघनगर गैंग के बदमाशों ने की थी। हरसूद की घटना में स्थानीय बदमाशों का हाथ होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में फिर गैंगवार... लल्लू रईस और शादाब गेट गिरोह में खूनी संघर्ष, वीडियो दिखाने पर छिड़ा विवाद
हरसूद थाना प्रभारी राठौर ने बताया कि चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। करीब 50 ग्राम सोना और 5 से 7 किलो चांदी बैग में होने की बात व्यापारी ने कही है। बदमाशों की तलाश की जा रही है। जिले सहित आसपास के क्षेत्र में नाकाबंदी कर जांच की जा रही है।