
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में नावों में आग लगने की घटनाएं थम नहीं रही हैं। शनिवार को यहां ओंकार मठ घाट पर नर्मदा किनारे खड़ी एक नाव में अचानक आग लग गई। धुआं उठता देख घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। समय रहते सूचना मिलने से आग पर काबू पा लिया गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रारंभिक तौर पर नावों में इस्तेमाल होने वाले पेट्रोल इंजन और ईंधन व्यवस्था को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। फिलहाल, जांच की जा रही है। बता दें कि पिछले 15 दिनों के दौरान ओंकारेश्वर में नाव में आग लगने की यह तीसरी घटना है। लगातार हो रही घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
यह भी पढ़ें- बड़वानी में बेखौफ बदमाशों का आतंक, पहले भरवाया पेट्रोल, फिर कर्मचारियों पर चलाईं गोलियां, एक घायल
घाटों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु नावों से आवागमन करते हैं। ऐसे में नावों के इंजन, पेट्रोल टैंक और ईंधन के रखरखाव की नियमित जांच जरूरी है। समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो बड़ा हादसा हो सकता है।