
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। रेलवे द्वारा खंडवा से भुसावल के बीच प्रस्तावित तीसरी और चौथी रेलवे लाइन के लिए रेलवे की जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। तीन-चार माह में रेलवे शहर के विभिन्न क्षेत्रों में खासकर घासपुरा, लोहारी नाका, तीन पुलिया चर्च के पीछे तथा प्लेटफार्म नंबर छह के पीछे 700 से अधिक मकानों को हटा चुका है। शुक्रवार को घासपुरा क्षेत्र में 100 से अधिक लोगों को अतिक्रमण हटाने का नोटिस देने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
लोगों का कहना है कि रेलवे इसे अपनी जमीन बताकर सोमवार तक हमें अपना सामान और मकान हटाने का अल्टीमेटम दे रहा है जबकि हमारे पास शासन के पट्टे हैं। यह जमीन नजूल की है। रेलवे तानाशाहीपूर्ण गरीबों को इस गर्मी के मौसम में बेघर कर रहा है। इतना ही नहीं शासन-प्रशासन की ओर से विभिन्न योजनाओं में यहां विभिन्न विकास कार्य करवाएं गए हैं।
यह भी पढ़ें- MP गजब है... सरकार को ही नहीं मालूम प्रदेश में कितनी अवैध कॉलोनियां, अब 10 साल की जेल और 1 करोड़ जुर्माने की तैयारी
घासपुरा क्षेत्र के लोगों ने रेलवे के नोटिस गलत बताते हुए कलेक्टोरेट पहुंच कर अपना विरोध दर्ज करवाया। उन्होंने एसडीएम ऋषि सिंघई से मिलकर अपनी समस्या बताई। विरोध करवाने वालों में बडी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं।