Khandwa News: रात में घर में सो रहा था दिव्यांग, सुबह खेत के पास मिली सिर कुचली लाश
Khandwa News: सिर कुचली लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामला खालवा थाना क्षेत्र की रोशनी चौकी के ग्राम रेन्हाई में 11 नवंबर की रात का है। ...और पढ़ें
By Hemant Kumar UpadhyayEdited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Tue, 14 Nov 2023 04:05:58 PM (IST)Updated Date: Tue, 14 Nov 2023 04:05:58 PM (IST)
HighLights
- खालवा थाना क्षेत्र का मामला, मृतक का भाई बोला-कोई मार के फेंक गया
- मामला खालवा थाना क्षेत्र की रोशनी चौकी के ग्राम रेन्हाई का है
- हत्या का यह एक नया मामला सामने आ गया है।
Khandwa News: नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। घर में सो रहा दिव्यांग रात आठ बजे बाद घर से अचानक लापता हो गया। सुबह तक घरवालों ने ढूंढा और फिर उसकी लाश खेत के पास पड़ी मिली। सिर कुचली लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामला खालवा थाना क्षेत्र की रोशनी चौकी के ग्राम रेन्हाई में 11 नवंबर की रात का है।
मृतक आशाराम पुत्र फगनु परते निवासी रन्हई के भाई फरियादी राजाराम ने बताया कि 11 नंवबर की रात लगभग आठ बजे तक उसका भाई आशाराम घर में सो रहा था। उसके साथ घर में ओर भी लोग थे। सब सो गए थे, सुबह पता चला कि आशाराम घर में नहीं है।
इसके बाद सूचना मिली कि पटाजन धावड़ी रोड के पास पेट्रोल पंप के आगे खेत के किनारे आशाराम की लाश पड़ी है। फरियादी ने बताया कि उसका भाई आशाराम दिव्यांग था। उसकी शादी नहीं हुई थी। सुबह हमें पता चला कि उसकी लाश पड़ी है। पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की।
फरियादी ने बताया कि आशाराम का सिर पीछे से कुचला हुआ था। गर्दन काली पड़ गई थी। लाश के आसपास ब्लेड भी मिली है। फरियादी ने बताया कि बदमाश आशाराम को बुरी तरह घसीटते हुए रोड पर लाए। क्योंकि सड़क पर लाश रगड़ने के निशान भी दिखाई दे रहे थे। वहीं, मामले में खालवा पुलिस ने अज्ञात आरोपित पर हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस मामले में बदमाशों की गिरफ्तारी कर जल्द खुलासा करने की बात कह रही है।
महिला की हत्या का नहीं लगा सुराग
करीब डेढ़ माह पूर्व खालवा थाना क्षेत्र में घर में सो रहे दंपती पर अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया था। घर में घुसे नकाबपोश बदमाशों ने महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। उसके पति को भी बुरी तरह घायल कर दिया था, लेकिन डेढ़ माह बाद भी पुलिस आरोपितों तक नहीं पहुंच पाई है। वहीं, अब हत्या का यह एक नया मामला सामने आ गया है।
जादू-टोने की शंका में की थी आशाराम की हत्या
एसआई राजेंद्र सोलंकी ने बताया कि मामले में आरोपित शोभाराम पुत्र तुलसीराम निवासी रेन्हाई को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने पहले आशाराम को शराब पिलाई। इसके बाद उसे जंगल की ओर ले गया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। गांव में एक की दुकान पर दोनों साथ में दिखाई दिए थे।
पूछताछ के लिए पुलिस ने शोभाराम को पकड़ा। सख्ती बरतने पर उसने अपना जुर्म कुबूल किया। शोभाराम ने पुलिस को बताया कि कुछ साल पूर्व उसके भाई की मौत हुई थी। हमें शक था कि इन लोगों ने उसपर कोई जादू-टोना किया है। इसी के चलते आरोपित शोभाराम ने आशाराम की गला दबाकर हत्या कर दी। शोभाराम को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।