
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। खंडवा रेलवे स्टेशन का कायाकल्प जल्द ही नए स्वरूप में नजर आएगा। स्टेशन के री-डेवलपमेंट प्लान को लेकर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने भुसावल मंडल के डीआरएम सहित रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्ययोजना की समीक्षा की।
अधिकारियों ने नर्मदा रेस्ट हाउस में स्टेशन के पुनर्विकास का प्रेजेंटेशन दिया। बताया गया कि करीब 346 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का तीन चरणों में विकास किया जाएगा। पहले चरण में 90 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इसका काम दो साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पहले चरण में चार मंजिला आधुनिक फ्रंट स्टेशन का निर्माण किया जाएगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) बनेगा, जिस पर लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधा रहेगी। फिलहाल निर्माण कार्य को गति देने के लिए टिकट बुकिंग, रिजर्वेशन और रेलवे कार्यालयों को अस्थायी रूप से शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें- भोपाल-बीना-इटारसी के रेल यात्रियों को तोहफा... 60 स्पेशल ट्रेनें तैयार, अयोध्या के लिए भी सीधी ट्रेन
सांसद पाटिल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य सिंहस्थ से पहले पूरा करने के लिए प्रयास किए जाएं। उन्होंने स्टेशन के डिजाइन में ओंकारेश्वर, दादाजी धूनीवाले मंदिर और किशोर कुमार से जुड़ी खंडवा की पहचान को शामिल करने तथा निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की बात कही।