खंडवा में बड़ाबम से शुरू हुई अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई, पांच बुलडोजर के साथ जुटी टीम
बड़ाबम चौक से इमलीपुरा तक प्रस्तावित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए मंगलवार सुबह 9 बजे से प्रशासन, नगर निगम और पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। बड़ाबम...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 13 Oct 2026 12:39:51 PM (IST)Updated Date: Tue, 13 Oct 2026 12:39:51 PM (IST)
अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम। -नईदुनियाHighLights
- बड़ाबम चौक से इमलीपुरा तक हटाए जा रहे अतिक्रमण
- लोगों ने प्रशासन पर कार्रवाई में भेदभाव करने के आरोप लगाए
- कार्रवाई को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस को तैनात किया है
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा : बड़ाबम चौक से इमलीपुरा तक प्रस्तावित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए मंगलवार सुबह 9 बजे से प्रशासन, नगर निगम और पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है।
बड़ाबम से शुरू हुई संयुक्त कार्रवाई में घर के सामने ओटले- सीढ़िया, दुकानों के सामने बने शेड-सायबान, बोर्ड आदि तोड़े जा रहे है। बड़ाबम बगीचे के सामने निजी जमीन पर बनी बरसों पुरानी बाउंड्रीवाल तोड़ने पर भूस्वामी अविनाश शुक्ला ने बगैर सूचना या नोटिस के कार्रवाई पर आपत्ति जताई।
लोगों ने प्रशासन पर कार्रवाई में भेदभाव करने के आरोप लगाए
सड़क के दूसरी ओर स्थित वैशाली जी मार्ट को नगर निगम से की बार नोटिस पूर्व में दिए जाने के बाद भी भवन का अवैध निर्माण नहीं तोड़ने पर क्षेत्रवासियों और उपस्थित लोगों ने प्रशासन पर कार्रवाई में भेदभाव करने के आरोप लगाए।
अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस को तैनात किया है। कार्रवाई सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सिंह, निगम आयुक्त प्रियंका राजावत, एडिशनल एसपी आदित्य सिंघारिया, सीएसपी अभिनव बारंगे सहित राजस्व, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग की टीम पांच बुलडोजर के साथ जुटी है।
आप स्वयं अतिक्रमण हटा लो, हमारी इच्छा नहीं कि बुलडोजर चलाएं
आप स्वयं अतिक्रमण हटा लो, हमारी कोई इच्छा नहीं है कि हम बुलडोजर चलाएं। हम चाहते हैं अभी जाओ और जो निशान लगे हैं वहां से तोड़ना शुरू कर दो। ताकि कल हम आएं तो हमारे लायक कोई काम ना हो।
बड़ाबम चौक से इमलीपुरा तक रोड के चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण तोड़ने से पहले सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर ने पुलिस प्रशासन के साथ क्षेत्र के लोगों की बैठक ली। इस बैठक में शहरकाजी सैय्यद निसार अली भी शामिल रहे।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट बहादुर ने स्पष्ट तौर पर बताया कि यदि मास्टर प्लान और पीडब्ल्यूडी के आधार पर अतिक्रमण हटाएंगे तो ज्यादा नुकसान होगा। हम नजूल के नक्शे के आधार पर अतिक्रमण हटा रहे हैं। निशान लगा दिए हैं आप स्वयं अतिक्रमण तोड़ लीजिए।
इस पर कुछ लोगों ने मार्ग पर मस्जिद की दीवार और एक मजार होने का हवाला दिया तो सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि फिलहाल इन्हें होल्ड पर रखते हैं। मोघट थाना परिसर में बैठक का नेतृत्व एडिशनल एसपी आदित्य सिंघारिया ने किया।
इस दौरान शहर काजी ने कहा कि वैकल्पिक रास्ता तो शक्कर तालाब से बना दिया गया है। इमलीपुरा क्षेत्र कोई मार्केट नहीं है। यह तो एक मोहल्ला है और रहवासी क्षेत्र है।मार्केट से अतिक्रमण हटाना है तो और भी जगह हैं। दूध गली, मधुसूदन टावर और बुधवारा गली भी है। इस पर मजिस्ट्रेट ने जवाब दिया कि ऐसे तो 52 गलियां हैं लेकिन इमलीपुरा का रास्ता पीडब्ल्यूडी का है और शासन स्तर से निर्देश हैं इसलिए अतिक्रमण हटाना है।