MP के खंडवा में रिश्तों का खून, बेटे ने पत्नी और दोस्त के साथ मिलकर बेरहमी से की पिता की हत्या, वजह जानकर चौंक जाएंगे
MP Crime: खंडवा जिले के पिपलोद थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पारिवारिक रिश्तों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बहू से छेड़छा ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 04 Jan 2026 07:28:33 PM (IST)Updated Date: Sun, 04 Jan 2026 07:28:33 PM (IST)
बेटे ने दोस्त और बहू के साथ मिलकर बुजुर्ग की लठ्ठ से पीट-पीटकर की हत्या। प्रतीकात्मक फोटोHighLights
- बेटे, बहू और दोस्त ने मिलकर वारदात की
- बेटे ने लठ्ठ से पीटकर पिता की ली जान
- शव के अंतिम संस्कार से पहले खुलासा
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा: खंडवा जिले के पिपलोद थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बेटे ने अपनी पत्नी और दोस्त के साथ मिलकर बुजुर्ग पिता की लठ्ठ से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद तीनों आरोपित शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने मामले का खुलासा कर उन्हें हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 55 वर्षीय रमेश पुत्र शिवप्रसाद गौड, निवासी पिपलोद के रूप में हुई है। रमेश खेती के काम से जुड़ा हुआ था और खेत में पानी देने जाता था। शुक्रवार को ग्रामीणों ने खेत में रमेश का शव पड़ा देखा, जिसके सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। सूचना मिलने पर पिपलोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में ही मामला संदिग्ध लगने पर हत्या की आशंका जताई गई।
जांच के दौरान मृतक के बेटे गणेश, उसकी पत्नी ज्योति और गणेश के दोस्त लालू उर्फ बलीराम पर पुलिस को शक हुआ। तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि ज्योति ने अपने पति गणेश को ससुर द्वारा छेड़छाड़ किए जाने की जानकारी दी थी। इसी बात से आक्रोशित होकर गणेश ने पत्नी और दोस्त के साथ मिलकर खेत में रमेश पर लठ्ठ से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद तीनों आरोपित फरार नहीं हुए, बल्कि शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच पुलिस ने समय रहते मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने गणेश, उसकी पत्नी ज्योति और लालू उर्फ बलीराम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।