
MP Election Result 2023: नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। खंडवा जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में सबसे बड़ी जीत हरसूद से भाजपा प्रत्याशी डा. कुंवर विजय शाह की रही।उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी सुखराम सालवे को 50 हजार से अधिक वोटों से हराकर लगातार आठवीं बार विधानसभा चुनाव जीतने का रिकार्ड बनाया। चुनाव परिणामों में विजय शाह को 1,16,220 वोट मिले, जबकि सुखराम सालवे को 56,247 वोट ही मिले।
मतगणना स्थल पहुंचे विजय शाह ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि यह मेरी नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ताओं की जीत है। मेरे परिवार में बहू, बेटे और पत्नी ने भी कार्यकर्ताओं के साथ चुनाव में कड़ी मेहनत करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की रीति-नीतियों से जनता को अवगत कराया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग मोदीजी को पनौती कहते थे, उन्हें मैं कहना चाहता हूं कि पनौती मोदी नहीं बल्कि राहुल गांधी है।शाह से जब पूछा गया कि क्या प्रदेश के नेतृत्व का मौका मिलेगा तो स्वीकार करेंगे तो उन्होंने कहा कि भाजपा में कोई भी निर्णय पार्टी लेती है। मुझे केबिनेट स्थान मिलता रहा है। इस बार भी मुझे पूरी उम्मीद है कि मंत्रिमंडल में शामिल रहूंगा।
.jpg)
आदिवासी सीट हरसूद विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी विजय शाह की जीत पहले से ही तय मानी जा रही थी। इस सीट पर विजय शाह की लगातार आठवीं बार जीत का मुख्य कारण आदिवासियों के प्रति उनका सेवा भाव भी है।आदिवासी क्षेत्रों में विकास कार्यों के साथ ही उनके जीवन स्तर को बेहतर करने के लिए मंत्री रहते हुए शाह ने बहुत से कार्य किए। यही कारण है कि क्षेत्र की जनता का हर बार उन्हें भरपूर समर्थन और आशीर्वाद मिलता है। कांग्रेस से प्रत्याशी रहे सुखराम सालवे इससे पूर्व भी शाह के विरुद्ध चुनाव लड़ चुके हैं। पिछले चुनाव की अपेक्षा इस बार उन्हें और भी अधिक मतों से हार का सामना करना पड़ा।
विजयसिंह उईके - 2185
बिंदयाबाई गोपीचंद पटेल - 1709
महेंद्र कुमार कालूराम बढ़ई - 1247
नोटा - 3058