MP News: खिरकिया (नईदुनिया न्यूज)। मुंबई से चलकर गोरखपुर जाने वाली 15017 काशी एक्सप्रेस की जनरल बोगी के ब्रेक शू गर्म होने से बोगी के पहिए से आग निकलने से यात्री घबरा गए। मंगलवार शाम को खिरकिया से भिरंगी रेल्वे स्टेशन के मध्य यह हादसा हुआ। इसके बाद ट्रेन को भिरंगी रेल्वे स्टेशन पर खड़ा किया गया। घटना में धुआं बोगी के अंदर आने से यात्रियों में हड़कंप की स्थिति बन गई।
काशी एक्सप्रेस खिरकिया रेलवे स्टेशन से लगभग सवा छह बजे हरदा के लिए रवाना हुई। इसी दौरान ट्रेन के इंजन से चौथे नंबर की जनरल बोगी के आगे और पीछे वाले पहिए के ब्रेक जाम हो गए। ट्रेन रफ्तार में कुड़ावा रेलवे स्टेशन क्रास करते हुए भिरंगी की तरफ आ रही थी। रेलवे गेट नंबर 198 पर गेटमैन ने पहियों के ब्रेक शू में लगी आग को देखकर तत्काल भिरंगी रेलवे स्टेशन मास्टर को सूचना दी। रेलवे गेटमैन की सूचना पर ट्रेन को भिरंगी रेलवे स्टेशन पर रोका गया। इससे बडा हादसा टल गया। ट्रेन के रुकने के बाद सवार यात्री नीचे उतरने लगे। इसके बाद रेल कर्मचारियों ने रेलवे स्टेशन पर रखे अग्निशमन यंत्र से ब्रेक शू में लगी आग पर नियंत्रण किया।
कर्मचारियों ने बोगियों के दोनों हिस्सों में भड़की आग पर अग्निशमन से छिड़काव कर आग पर काबू पाया। इसके बाद गर्म हुए पहियों को ठंडा होने का इंतजार करने के लिए ट्रेन को करीब 25 मिनट तक खड़ा रखा गया। इसके बाद पहिए के ब्रेक में जली रबर को बदला गया। वहीं ट्रेन की अन्य बोगियों के पहियों की बारीकी से जांच की। इसके बाद ट्रेन को हरदा के लिए रवाना किया गया। हरदा रेलवे स्टेशन पर काशी एक्सप्रेस का समय शाम को लगभग 6.30 बजे था, लेकिन आगजनी की घटना की वजह से ट्रेन करीब 7.36 बजे आई। पहिए ठंडे होने का बताकर ट्रेन को रवाना करने के लिए कहा।
यात्रियों ने बताया कि अचानक बड़ी मात्रा में बोगी के अंदर धुआं आने लगा, जिसे हम सब देखकर डर गए। ट्रेन के दरवाजे पर बैठे यात्रियों ने नीचे झांककर देखा तो बोगी के आगे और पीछे के तरफ के दोनों पहियों में आग की लपटें दिखाई दी। कई यात्रियों को तो धुआं अधिक होने से सांस लेने में भी परेशानी शुरू हो गई थी। कुछ देर बाद बोगी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। रेलवे पीआरओ सूबेदारसिंह ने कहा यह सामान्य घटना होती है। ब्रेक शू गर्म होने पर ठीक करके गाड़ी आगे बढ़ा दी जाती है। इस घटना में भी ऐसा ही हुआ है।