
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। लगातार छह दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से परेशान शहर के न्यू राजेंद्र नगर और महादेवी नगर क्षेत्र की महिलाओं का शुक्रवार को गुस्सा फूट पड़ा। दर्जनों महिलाएं कहारवाड़ी स्थित बिजली कंपनी के कार्यालय पहुंचीं और जमकर हंगामा किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कार्यालय के मुख्य गेट पर लातें मारीं और परिसर के बाहर लगे मीटर के कटआउट भी निकाल दिए। हंगामे के दौरान कुछ कर्मचारी कार्यालय के भीतर ही रहे, जबकि कुछ के वहां से चले जाने की बात भी सामने आई।
महिलाओं का आरोप था कि क्षेत्र में पिछले छह दिनों से बिजली नहीं होने के कारण लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। रात के समय अंधेरा रहने से नाले किनारे बसे घरों में सांप-बिच्छुओं का खतरा बना हुआ है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। उनका कहना था कि अधिकारियों से संपर्क करने पर हर बार यही कहा जाता है कि टीम मौके पर पहुंच गई है, लेकिन वास्तविकता में कोई कर्मचारी क्षेत्र में नहीं आता।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कार्यालय के बाहर खड़े होकर अधिकारियों को बाहर आने की आवाज लगाई। उन्होंने कहा कि उन्हें देखते ही अधिकारी और कर्मचारी छिप गए या वहां से निकल गए। कुछ पुरुषों ने भी प्रदर्शन में शामिल होकर कहा कि "अब बाहर निकलो, छिपने से समस्या हल नहीं होगी।" महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के कारण कुछ देर तक कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

यह भी पढ़ें- एमपी में नया अग्नि सुरक्षा कानून तैयार, नागरिकों को अब देना होगा फायर सेफ्टी टैक्स, सचिव समिति से मिली हरी झंडी
इधर, बिजली कंपनी के डीई बृजमोहन गुप्ता ने बताया कि राजेंद्र नगर क्षेत्र में सुधार कार्य जारी है। मुक्तिधाम क्षेत्र में भी लाइन संबंधी कार्य चल रहा है और सहायक यंत्री मौके का निरीक्षण कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में तेज हवा और आंधी के कारण बार-बार फॉल्ट आने से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। विभाग की टीमें लगातार सुधार कार्य में लगी हैं और शीघ्र ही समस्या का समाधान कर बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।