
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। छैगांवमाखन जनपद के ग्राम खजूरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां पूरे गांव की बिजली विद्युत वितरण कंपनी ने तीन महीने से बंद कर रखी है। बिजली आपूर्ति बंद होने से ग्रामीणों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। वहीं खेतों की विद्युत सप्लाय भी बंद होने से काम पर असर पड़ रहा है।
दरअसल, तीन महीने पूर्व गांव का ट्रांसफॉर्मर खराब हुआ था, इसे सुधरवाने की बजाय विद्युत कंपनी ने ग्रामीणों को बकाया बिजली बिल जमा करने का तकादा शुरू कर दिया और पूरे गांव की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी।
ग्रामीण विनोद चौहान का कहना है कि बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन अलग-अलग काटे जाने का नियम है। पूरे गांव की बिजली बंद करना उचित नहीं है। ऐसे में वे लोग भी परेशानियों का सामना कर रहे हैं जो नियमित बिजली बिल की राशि जमा कर रहे हैं।
इधर विद्युत वितरण कंपनी के लाइनमैन शिवनारायण कुशवाह का कहना है कि हमारे गांव में करीब 70 कनेक्शनधारी हैं। इनमें से केवल पांच परिवार नियमित रूप से बिजली बिल जमा करते हैं जबकि करीब 65 कनेक्शनधारियों पर लगभग नौ लाख रुपए की बकाया राशि है।
गांव में करीब 40 से 50 परिवार आदिवासी हैं। इन उपभोक्ताओं पर करीब 40-40 हजार रुपये तक का बिजली बिल बकाया बताया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, कई परिवारों ने कनेक्शन लेने के बाद से नियमित रूप से बिजली बिल जमा नहीं किया।
यह भी पढ़ें- इंदौर के भगवती होटल में हादसा... चौथी मंजिल से नीचे गिरा कटनी का युवक, पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज