ओंकारेश्वर में सिंहस्थ की तैयारी तेज, अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, 26 मकान किए ध्वस्त
सिंहस्थ 2028 में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए ओंकारेश्वर में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई त...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 09 Oct 2026 10:43:23 AM (IST)Updated Date: Fri, 09 Oct 2026 10:45:04 AM (IST)
ओंकारेश्वर में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर। -नईदुनियाHighLights
- नए बस स्टैंड के पास वार्ड-1 में 22 और वार्ड-3 में चार मकान ध्वस्त
- बिजली कनेक्शन काटने के बाद की कार्रवाई
- वास्तविक प्रभावितों को वार्ड-15 में दी जा रही जगह
नईदुनिया प्रतिनिधि, ओंकारेश्वर (खंडवा)। सिंहस्थ 2028 में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए ओंकारेश्वर में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। नगर परिषद ने बुधवार को वार्ड क्रमांक एक और तीन में अभियान चलाकर अतिक्रमण कर बनाए गए 26 मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लंबे समय से अतिक्रमण कर रह रहे लोगों के बीच भी कार्रवाई को लेकर चिंता का माहौल दिखाई दिया।
सिंहस्थ के दौरान ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए यातायात, आवागमन और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रस्तावित कार्ययोजनाओं पर काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में नगर परिषद ने अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया है। प्रशासन की इस कार्रवाई को सिंहस्थ से पहले शहर की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नए बस स्टैंड के पास सबसे ज्यादा कार्रवाई
नगर परिषद की टीम ने नए बस स्टैंड से लगे वार्ड क्रमांक एक में 22 मकानों को हटाया, जबकि वार्ड क्रमांक तीन में चार मकानों पर बुलडोजर चलाया गया। कार्रवाई से पहले संबंधित मकानों के बिजली कनेक्शन काटे गए। इसके बाद नगर परिषद की टीम ने अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की। मौके पर कार्रवाई देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। अभियान के दौरान नगर परिषद के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
सीएमओ के नेतृत्व में चला अभियान
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) मोनिका पारधी के नेतृत्व में की गई। उनके साथ राजस्व निरीक्षक जितेंद्र गोहे, अकाउंटेंट सतीश पाटीदार सहित नगर परिषद का अमला मौजूद रहा। टीम ने चिह्नित मकानों को हटाने की कार्रवाई की। नगर परिषद की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि सिंहस्थ की तैयारियों के तहत अतिक्रमण हटाने के मामले में अब सख्ती बरती जा रही है।
दो से चार जगह मकान बनाने वालों को भी किया चिह्नित
सीएमओ मोनिका पारधी ने बताया कि कुछ व्यक्तियों द्वारा दो-दो से लेकर चार-चार स्थानों पर मकान बनाकर अतिक्रमण किए जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसे लोगों को चिह्नित किया गया है। उन्होंने बताया कि वास्तविक प्रभावितों को रहने के लिए वार्ड क्रमांक 15 में जगह उपलब्ध कराई जा रही है।
सिंहस्थ से पहले व्यवस्थाएं सुधारने की कवायद
ओंकारेश्वर में सिंहस्थ 2028 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां धीरे-धीरे गति पकड़ रही हैं। श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने और प्रस्तावित विकास कार्यों के लिए जगह उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अहम माना जा रहा है। आने वाले समय में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी अतिक्रमण की स्थिति के अनुसार कार्रवाई की जा सकती है। हालांकि, प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही जगह पर रहने की व्यवस्था किस तरह सुनिश्चित होगी, यह भी महत्वपूर्ण रहेगा।