
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। शहर की एक होटल से खरीदे गए मटन कोल्हापुरी में मरा हुआ चूहा निकलने और मटन का सेवन करने से पंद्रह वर्षीय बालक की तबीयत बिगड़ने पर शनिवार को खाद्य एवं सुरक्षा विभाग हरकत में आया। विभाग द्वारा होटल से सैंपल लिए गए हैं जिसे जांच के लिए भेजा गया है। इसी तरह औद्योगिक क्षेत्र के एक प्रतिष्ठान में छापामार कार्रवाई कर विभाग ने 153 लीटर घी जब्त किया है।
पहला मामला कहारवाड़ी क्षेत्र की बिस्मिल्लाह होटल का है। घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। खानशाहवली क्षेत्र में रहने वाले रहमान खान ने इस होटल से कोल्हापुरी मटन खरीदा था। जब वे मटन लेकर घर पहुंचे और बच्चे को परोसा।
परिवार के अनुसार मटन खाने से बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी उसे उल्टियां होने लगीं। मटन में मरा हुआ चूहा पाया गया। परिवार ने दावा किया है कि बच्चे ने मटन समझकर चूहे का मांस खा लिया। अस्पताल में दो घंटे इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। इस मामले में सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी राधेश्याम गोले टीम के साथ होटल पहुंचे सैंपल लिए।
गोले ने बताया कि जांच के दौरान होटल का वैध खाद्य पंजीयन नहीं पाया गया। उन्होंने बताया कि संबंधित होटल संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
खाद एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने इंडस्ट्रियल एरिया में डाली एरोमेटिक प्रतिष्ठान से ब्रजवासी देशी घी के नमूने लिए और 153 लीटर घी जब्त किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि जब्त किए गए घी की कीमत 76500 रुपये है। इसे प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है।
यह भी पढ़ें- इटारसी में रेलवे खानपान कारखानों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, एक्सपायरी ब्रेड और पीडीएस नमक जब्त