हाईटेक होगी ओंकारेश्वर और इंदिरा सागर बांधों की सुरक्षा, ड्रोन से होगी 24 घंटे निगरानी
राष्ट्रीय महत्व की ओंकारेश्वर और इंदिरा सागर बांध परियोजनाओं की सुरक्षा अब ड्रोन और एंटी-ड्रोन तकनीक से होगी। सीआइएसएफ ने ड्रोन फेडरेशन ऑफ इंडिया के साथ एमओयू कर दोनों बांधों की निगरानी व्यवस्था को हाईटेक करने का फैसला लिया है। इससे जलाशय, पावर हाउस और प्रतिबंधित क्षेत्र की हर गतिविधि पर आसमान से नजर रखी जा सकेगी। संदिग्ध ड्रोन दिखते ही तत्काल कार्रवाई संभव हो सकेगी।
Publish Date: Wed, 02 Sep 2026 09:31:03 PM (IST)Updated Date: Wed, 02 Sep 2026 09:31:03 PM (IST)
ओंकारेश्वर बांध परियोजना। (फाइल फोटो)HighLights
- एंटी-ड्रोन तकनीक से बंद होगा सुरक्षा का हर छेद
- सीआईएसएफ ने दोनों बांधों की निगरानी व्यवस्था को हाईटेक करने का फैसला लिया है
- जलाशय, पावर हाउस और प्रतिबंधित क्षेत्र पर आसमान से नजर रखी जा सकेगी
मनीष करे, नईदुनिया, खंडवा: राष्ट्रीय महत्व की ओंकारेश्वर और इंदिरा सागर बांध परियोजनाओं की सुरक्षा अब ड्रोन और एंटी-ड्रोन तकनीक से होगी। सीआईएसएफ ने ड्रोन फेडरेशन ऑफ इंडिया के साथ एमओयू कर दोनों बांधों की निगरानी व्यवस्था को हाईटेक करने का फैसला लिया है। इससे जलाशय, पावर हाउस और प्रतिबंधित क्षेत्र की हर गतिविधि पर आसमान से नजर रखी जा सकेगी। संदिग्ध ड्रोन दिखते ही तत्काल कार्रवाई संभव हो सकेगी।
ओंकारेश्वर में शुरू हुई ड्रोन से निगरानी
सीआईएसएफ यूनिट ओंकारेश्वर ने पावर स्टेशन की सुरक्षा में ड्रोन शामिल कर दिए हैं। प्रशिक्षित पायलट इनका संचालन करेंगे। ड्रोन के जरिए बांध के अप-डाउन स्ट्रीम, पावर हाउस परिसर और ओंकारेश्वर में लगने वाली भीड़ पर भी निगरानी होगी। परियोजना का क्षेत्र काफी बड़ा है। जमीन से हर जगह निगरानी संभव नहीं थी। अब ड्रोन से कम समय में बड़े क्षेत्र को कवर कर संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत मिल सकेगी।
इंदिरा सागर में भी लगेंगे आधुनिक उपकरण
ओंकारेश्वर का माडल अब इंदिरा सागर परियोजना नर्मदा नगर में लागू होगा। यहां भी ड्रोन के साथ अन्य आधुनिक सुरक्षा उपकरण तैनात किए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार दोनों परियोजनाएं संवेदनशील और विस्तृत हैं, इसलिए तकनीक आधारित निगरानी जरूरी थी।
अनधिकृत ड्रोन से निपटने की तैयारी
ड्रोन के बढ़ते उपयोग के साथ अनधिकृत ड्रोन भी खतरा बन रहे हैं। एमओयू के तहत सीआइएसएफ जवानों को एंटी-ड्रोन तकनीक का प्रशिक्षण, तकनीकी क्षमता विकास और संयुक्त अभ्यास कराया जाएगा। इससे संदिग्ध ड्रोन की पहचान, ट्रैकिंग और उसे निष्क्रिय करने की क्षमता विकसित होगी।
सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ तैनात है
बांध और पावर हाउस की सुरक्षा के लिए ओंकारेश्वर और नर्मदानगर में सीआईएसएफ तैनात है। सुरक्षा को हाईटेक और पुख्ता बनाने के लिए अब ड्रोन तकनीक शामिल की जा रही है। स्टाफ को प्रशिक्षण के साथ आधुनिक संसाधन दिए जाएंगे। सीआईएसएफ और ड्रोन फेडरेशन ऑफ इंडिया के बीच एमओयू हुआ है। -उदय राव, सहायक कमांडेंट, सीआइएसएफ ओंकारेश्वर