
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा: जिले में पुलिस ने ऐसे शातिर चोर को गिरफ्तार किया है जो अपने दो साथियों के साथ केवल पुलिसकर्मियों के घरों में चोरी करता था। आरोपी का मानना था कि पुलिसकर्मी अपने घर सुरक्षित समझकर लापरवाह रहते हैं और इसी का फायदा उठाकर वह वारदात को अंजाम देता था।
हाल ही में 20 जनवरी को खंडवा पुलिस लाइन में दो सिपाहियों के घरों में चोरी हुई। सिपाही करण पाल सिंह के घर से सोने की चेन, झुमके, चांदी की पायल और करीब 90 हजार रुपये नकद चोरी हुए। वहीं सिपाही सुरेश स्वरते के घर से मंगलसूत्र, दो अंगूठियां, सोने के झाले, चांदी की पायल और लगभग छह हजार रुपये नकदी गायब हुई।
शहर कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण आर्य के अनुसार, तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी दीपेश उर्फ दीपेंद्र सिंह निवासी ग्राम सेवड़, थाना आंबुआ, जिला आलीराजपुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से सोना-चांदी के आभूषण और 30 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले पुलिसकर्मियों को चिन्हित करता, उनके घरों पर नजर रखता और घर खाली मिलने पर ताला तोड़कर या नकब लगाकर चोरी करता था। उसके दो साथी रमेश और भुरलिया निवासी पिपतदलिया, जिला धार अभी फरार हैं।
आरोपी ने खुलासा किया कि उसने मध्य प्रदेश के धार, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, हरदा, इंदौर और देवास जिलों की पुलिस लाइनों में भी चोरी की घटनाएं की हैं। जांच में उसके खिलाफ 16 प्रकरण दर्ज पाए गए हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस अब फरार साथियों की तलाश में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि गिरोह ने कुल कितनी वारदातों को अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें- भोपाल में प्रेमिका ने ठुकराया तो आशिक ने वायरल की प्राइवेट फोटो, मंगेतर को भेज तुड़वाई शादी, केस दर्ज