
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा : शहर के पड़ावा क्षेत्र में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बाइक की सीट के अंदर से करीब सात फीट लंबा मोटा अजगर निकला। अजगर को देखकर दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी घबरा गए। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार आबना नदी के पास स्थित फतेहपुर गांव निवासी अमित अपनी बाइक की सीट का कवर बदलवाने के लिए पड़ावा स्थित सीट कवर की दुकान पर पहुंचा था। दुकान पर कर्मचारी ने जैसे ही बाइक की सीट खोलकर देखी, उसके अंदर अजगर दिखाई दिया।
करीब सात फीट लंबे अजगर को देखकर कर्मचारी के होश उड़ गए।उसने तत्काल आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।देखते ही देखते दुकान पर लोगों की भीड़ लग गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे सर्प मित्र श्याम जोगी ने सावधानीपूर्वक अजगर का रेस्क्यू किया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। बाइक की सीट के अंदर इतने बड़े अजगर के मिलने की घटना आसपास के क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।
कुएं में गिरी लोमड़ी को वनकर्मियों ने सुरक्षित निकाला, जंगल में छोड़ा
खंडवा। बिजौरा भील गांव में शनिवार सुबह एक लोमड़ी खेत के कुएं में गिर गई। कुएं में लोमड़ी को तैरता देख ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे वनकर्मियों ने रेस्क्यू कर लोमड़ी को सुरक्षित बाहर निकाला और पास के जंगल में छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे वन परिक्षेत्र अधिकारी विजय सोनी को सूचना मिली थी कि बिजौरा भील गांव के एक खेत में स्थित कुएं में लोमड़ी गिर गई है। सूचना मिलते ही वनकर्मी मलखान सिंह और वनरक्षक विवेक गिहार चार चौकीदारों के साथ मौके पर पहुंचे।
यहां उन्होंने देखा कि लोमड़ी जीवित है और कुएं में तैर रही है। ग्रामीण काफी देर से खटिया डालकर उसे बाहर निकालने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन लोमड़ी खटिया पर नहीं बैठ रही थी। स्थिति को देखते हुए वनकर्मियों ने जाल की मदद से लोमड़ी को सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद उसे पास के जंगल में छोड़ दिया गया। वनकर्मी मलखान सिंह ने बताया कि लोमड़ी की उम्र करीब तीन साल है और वह पूरी तरह सुरक्षित है। आशंका है कि रात के अंधेरे में किसी जानवर का पीछा करते समय वह कुएं में गिर गई होगी। समय पर सूचना मिलने से उसकी जान बचाई जा सकी।
यह भी पढ़ें- रातभर महिला के सिरहाने सोता रहा 12 फीट लंबा अजगर, सुबह आंख खुली तो उड़ गए होश, ऐसे बची जान