
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। जिले के सिरमौर से एक बेहद हैरान और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां वार्ड क्रमांक 11 में रहने वाले मुंशी प्रेमचंद द्विवेदी के घर में एक विशालकाय अजगर घुस गया।
खौफनाक बात यह रही कि यह अजगर रातभर बेडरूम में सो रही एक महिला के सिरहाने डेरा जमाए रहा और महिला को भनक तक नहीं लगी।
घटनाक्रम के मुताबिक, महिला रात में आराम से सो रही थी। सुबह करीब 5 बजे जब उसकी आंखें खुलीं, तो उसे अपने बगल में किसी चीज की मौजूदगी का अहसास हुआ।
बिस्तर के बगल में ही एक विशालकाय अजगर कुंडली मारकर बैठा हुआ था। महिला ने सूझबूझ दिखाई और तुरंत बिना शोर मचाए वहां से हटी और परिजनों को इसकी जानकारी दी। कमरे में इतना बड़ा अजगर देखकर पूरे परिवार में हड़कंप मच गया।
परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय वन विभाग की टीम को दी। खबर मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने करीब 12 फीट लंबे इस अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया।
अजगर के पकड़े जाने के बाद परिवार और मोहल्ले के लोगों ने राहत की सांस ली। गनीमत रही कि रातभर महिला या परिवार के किसी सदस्य पर हमला नहीं किया, जिससे एक बहुत बड़ी अनहोनी होने से टल गई। वन विभाग की टीम अपने साथ ले गई है, जिसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- नर्मदा महोत्सव 2026 : जबलपुर का प्राकृतिक सौंदर्य कैमरे में कैद करने वालों को मौका, आप भी ले सकेंगे भाग