
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा : खेत में कपास की काठी उखाड़ने गए 50 वर्षीय भगवान सिंह चौहान पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले में भगवान सिंह सहित उनके साथ मौजूद अन्य लोग भी घायल हो गए। मधुमक्खियों के काटने से गंभीर रूप से घायल भगवान सिंह की गुरुवार दोपहर जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वे एक हाथ और एक पैर से दिव्यांग थे। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
मृतक के बेटे रघुवीर चौहान ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे वे खेत में कपास की काठी उखाड़ रहे थे।उनके पिता भगवान सिंह भी उनके साथ आए थे। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया।मधुमक्खियों ने भगवान सिंह को बुरी तरह काटा। उनके पूरे चेहरे पर मधुमक्खियां चिपक गई थीं। अचानक हुए हमले से वहां मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
रघुवीर के अनुसार, मधुमक्खियों के हमले के दौरान परिवार के लोगों ने भगवान सिंह को बचाने का प्रयास किया।उनके भाई प्रकाश कंबल लेकर पहुंचे और कंबल की मदद से उन्हें मधुमक्खियों से बचाने की कोशिश की। हालांकि, हमला इतना जोरदार था कि भगवान सिंह की हालत गंभीर हो गई।
घटना के बाद उन्हें बांगरदा गांव में एक निजी क्लिनिक पर उपचार के लिए ले जाया गया। गुरुवार सुबह हालत बिगड़ने पर परिजन भगवान सिंह को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन दोपहर में उन्होंने दम तोड़ दिया। भगवान सिंह की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लिए यह घटना दुखद साबित हुई।
यह भी पढ़ें- माता की मूर्ति विसर्जन यात्रा में मधुमक्खियों का हमला, भगदड़ मचने से 25 लोग घायल; 13 अस्पताल में भर्ती