
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। मोघट थाना क्षेत्र के खानशाहवली में नागचुन रोड स्थित नूरबाग कालोनी के पास शुक्रवार शाम करीब पांच बजे सीमेंट से भरी ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रॉली की चपेट में आने और उसके नीचे दबने से सात वर्षीय बालक की मौत हो गई। ट्राली में सीमेंट की करीब 150 बोरियां भरी हुई थीं। मृतक की पहचान हसन पिता रफीक निवासी खानशाहवली के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद बालक काफी देर तक ट्रॉली के नीचे दबा रहा।
घटनास्थल पर मौजूद लोग उसे निकालने और मदद पहुंचाने का प्रयास करते रहे। लोगों ने एंबुलेंस के लिए फोन भी लगाए, लेकिन आरोप है कि सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इस बीच सूचना मिलने पर मोघट पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस की मदद से बालक को जिला अस्पताल एवं मेडिकल कालेज ले जाया गया।यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल रहा। स्थानीय लोगों का कहना था कि यदि समय पर एंबुलेंस पहुंच जाती तो बालक को जल्द उपचार मिल सकता था। लोगों ने एंबुलेंस सेवा की देरी पर नाराजगी जताई। वहीं, कुछ लोगों ने ट्रैक्टर चालक पर शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप भी लगाया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें- रोहतक में जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर 'नो पार्किंग' में खड़े ट्रक में घुसी कार, रतलाम के परिवार के तीन लोगों की मौत
घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग जिला अस्पताल पहुंचे और हादसे पर दुख जताया। मोघट थाना टीआइ विकास खिंची ने बताया कि बालक हसन की मौत के मामले में मर्ग कायम किया गया है। ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।