
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा : अनंत चतुर्दशी पर खंडवा से पांच किमी दूर ग्राम नाहल्दा में वर्षा के पानी से भरी गिट्टी खदान में दो सगे भाई डूब गए। वे यहां अपने दास्तों के साथ श्रीगणेश की मूर्ति विसर्जन के लिए पहुंचे थे। हादसे के दौरान तीन किशोरों को तो ग्रामीणों ने बचा लिया लेकिन दो भाई गहरे पानी में चले गए। शाम साढ़े सात बजे तक गोताखोरों की टीम नाव और अन्य संसाधनों की मदद से दोनों की तलाश में जुटी रही।
ग्राम नाहल्दा निवासी भाजपा मंडल उपाध्यक्ष मोंटू ठाकुर के पुत्र 17 वर्षीय विश्वास और 16 वर्षीय लक्ष्य पास ही स्थित गिट्टी खदान के पानी में मूर्ति विसर्जन करने गए थे। शाम करीब साढ़े चार बजे दोनों गहरे पानी में डूब गए।इनके साथ गए अन्य किशोरों को किसी तरह बचा लिया गया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना दिए जाने के बाद भी समय पर पर्याप्त गोताखोरों की टीम नहीं भेजी गई।हालांकि हाेमगार्ड कमांडेंट आशीष कुशवाह ने कहा कि सूचना मिलने के पंद्रह मिनिट में ही टीम भेज दी गई थी।उन्होंने बताया कि खदान की गहराई करीब 40 फीट तक है।
शाम करीब साढ़े सात बजे तक नाव सहित अन्य उपकरणों के साथ यहां टीम पानी में सर्चिंग करती रही। इधर ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए अवैध रूप से यहां गिट्टी के लिए गहरी खोदाई की गई है। इसमें वर्षा का पानी जमा है।
दोनों सगे भाइयों के डूबने से स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूर्व सरपंच कैलाश हरी पटेल ने कहा कि प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है मूर्ति विसर्जन के दौरान विश्वास का पैर फिसला उसे बचाने के लिए अन्य किशोर आगे बढ़े और वो भी डूबने लगे। विश्वास के साथ लक्ष्य भी डूब गया।
पिता मोंटू ठाकुर ने बताया कि बच्चे घर से निकलने के बाद देर तक वापस नहीं आए तो उन्होंने बच्चों से संपर्क करने की कोशिश की। इसके बाद खदान पर पहुंचे तो दोनों के डूबने की जानकारी मिली। उन्होंने बच्चों को तलाशने के लिए खुद भी पानी में छलांग लगाई लेकिन उनका पता नहीं चला।
यह भी पढ़ें- Shajapur News: चीलर डैम में नहाने के दौरान 3 दोस्तों की डूबने से मौत, देखें VIDEO